'बुद्धू बक्सा' (Television weekly) कॉलम में हम आपको टीवी की दुनिया की छोटी बड़ी हर खबर बताएंगे जिसने हफ्तेभर सुर्खियां बटोरी। हम आपको टीआरपी से लेकर सीरियल के अंदर तक, इसके साथ ही स्टार्स की निजी जिंदगी के बारे में भी चर्चा में रही खबरों का अपडेट देंगे। तो चलिए आपको बताते हैं कि इस हफ्ते कौन सी पांच खबरों ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी।
फिर विवादों में कपिल का शो और मोना सिंह ने रचाई शादी, ये हैं हफ्तेभर की टीवी की पांच खबरें
बिग बॉस से बेघर हुए अरहान खान
इस हफ्ते अरहान खान बिग बॉस से बाहर हुए। अरहान सबसे पहले घर में बतौर वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट आए थे। जिसके बाद कम वोट की वजह से बाहर हो गए थे। कुछ दिन बाद घर में अरहान ने दोबारा वापसी की थी। घर में आते ही अरहान ने रश्मि देसाई को प्रपोज किया। इसके बाद अरहान खान की शादी और बच्चे के सच का खुलासा सलमान ने किया। सलमान के इस खुलासे के बाद घर में अरहान और रश्मि के बीच झगड़ा भी हुआ। इसके बाद कई मेहमान आए उन्होंने ने भी रश्मि को अरहान को लेकर आगाह किया। हालांकि रश्मि और अरहान के बीच अब सब कुछ ठीक है।
फिर विवादों में 'द कपिल शर्मा शो'
'द कपिल शर्मा शो' में अपनी अदाकारी से दर्शकों को पेट पकड़कर हंसने पर मजबूर करने वाली भारती सिंह पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने को लेकर केस दर्ज किया गया है। जिसके बाद भारती को शो से बाहर किए जाने की मांग तेज हो गई है। भारती के साथ अभिनेत्री रवीना टंडन और कोरियोग्रोफर और फिल्मकार फराह खान पर पंजाब पुलिस ने क्रिसमस की पूर्व संध्या पर प्रसारित शो में एक समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की शिकायत दर्ज की है। शिकायत में यह आरोप लगाया गया है कि तीनों (भारती, रवीना, फराह) ने ईसाई लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
अभिनेता कुशल पंजाबी ने की आत्महत्या
अभिनेता कुशल पंजाबी की मौत ने फिल्म और टीवी इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया है। कुशल ने 27 दिसंबर को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या करने के बाद कुशल के पास से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। इस नोट में उन्होंने अपनी मौत का जिम्मेदार किसी को भी नहीं ठहराया है।
मोना सिंह ने की शादी
'जस्सी जैसी कोई नहीं' सीरियल से सुर्खियां बटोरने वाली मोना सिंह (Mona Singh) शादी के बंधन में बंध चुकी हैं। मोना ने दक्षिण भारतीय इनवेस्टमेंट बैंकर श्याम संग 27 दिसंबर को सात फेरे लिए। मोना और श्याम एक-दूसरे को लंबे समय से डेट कर रहे थे। ये शादी करीबी दोस्त और परिवारवालों के बीच हुई। 38 साल की मोना ने अपनी शादी में सुर्ख लाल रंग का लहंगा पहना था। इसके साथ ही हाथों में कलीरे पहनी थीं और लहंगे के साथ व्हाइट ज्वैलरी मैच की थी। जबकि श्याम क्रीम कलर की शेरवानी में नजर आए।