टीवी अभिनेता करण मेहरा और निशा रावल एक बार फिर कानूनी मामले को लेकर चर्चा में हैं। मुंबई पुलिस ने निशा रावल की शिकायत पर करण मेहरा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। बता दें कि निशा ने घरेलू हिंसा का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ गोरेगांव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी। अब पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि कुछ समय पहले ही निशा रावल ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि करण मेहरा उनके साथ मार पीट करते हैं। ये केस शुक्रवार 25 जून को दर्ज हुआ है और अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पत्नी संग मारपीट का मामला: निशा रावल की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने करण मेहरा के खिलाफ दर्ज किया केस
बता दें कि 31 मई को निशा ने करण मेहरा के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज करवाई थी। वो फूटे हुए सिर के साथ गोरेगांव पुलिस स्टेशन पहुंची थीं और उनका कहना था कि उनका ये हाल उनके पति करण ने किया है। इसके बाद करण मेहरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि बाद में उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था। इस पूरे मामले में करण का कहना था कि निशा अपने भाई रोहित के साथ मिलकर उन्हें फंसा रही हैं।
वहीं शिकायत दर्ज करवाने के बाद निशा मीडिया से मुखातिब हुई थीं और बताया था कि करण ने उन पर कई बार हाथ उठाया था और ये उनके लिए बेहद मामूली सी बात है। निशा के मुताबिक कई बार करण ने उन्हें घूंसा मारा है और उसके कारण उनके चेहरे पर निशान भी आए हैं। ये पूछे जाने पर कि वो ये सब इतने समय से क्यों झेल रही थीं? निशा ने बताया क्योंकि वो करण से प्यार करती थीं। उन्होंने कहा, 'मैं आज भी उससे प्यार करती हूं। मैं मूर्ख थी, ये सब मेरे मुंह पर तमाचा है क्योंकि मैं उससे अलग होने के लिए तैयार नहीं थी'। ये बताते हुए निशा रोने लगीं थीं।
मीडिया से बातचीत के दौरान निशा ने अपनी दो तस्वीरें दिखाईं हैं, जिसमें एक फोटो में उनकी आंख पर निशान नजर आया और दूसरी तस्वीर में उनके सिर से खून बहता दिखाई दिया था। उन्होंने कहा, 'ये सब मेरे लिए आसान नहीं है, मुझे भी कैमरे के सामने जाना है। मैं ये नहीं चाहती कि एक दिन मेरा बच्चा बड़े होकर कहे कि मां तुम्हें अपने लिए खड़े होना चाहिए था। मैं उसके सामने गलत उदाहरण नहीं रखना चाहती'। उनके इस खुलासे के बाद बहुत से टीवी सेलेब्स ने भी उनका समर्थन किया था।
दूसरी तरफ करण मेहरा ने आरोप लगाया था कि, 'निशा और उनके भाई ने एक एलिमनी अमाउंट मांगा लेकिन वो इतना ज्यादा था कि मैं उसे नहीं दे सकता था। रात 10 बजे फिर हमारे बीच इसी को लेकर बात हुई। तब भी मैंने साफ कहा कि ये मैं नहीं कर सकता। उसके बाद जब मैं कमरे में गया तो निशा पीछे से आ गईं। मैं मां से बात कर रहा था और उन्होंने गाली देना शुरू कर दिया। जोर-जोर से चिल्लाई और मेरे ऊपर थूका, उसके बाद मैंने उनसे कमरे से बाहर जाने को कहा। इसके बाद निशा ने अपना सिर दीवार पर दे मारा और सबको बताया कि ये मैंने किया है'। अब इस केस से कौन सा सच बाहर आता है ये तो आने वाले वक्त में ही पता चलेगा।