टीवी के मशहूर रियलिटी शो 'बिग बॉस सीजन 7' और सोनी टीवी पर प्रसारित होने वाले पॉपुलर सीरियल 'बेहद' से सुर्खियां बटोरने वाले एक्टर कुशाल टंडन को एक बड़ा झटका लगा है। खबर है कि कुशाल की एक महिला फैन ने अपनी कलाई की नस काटकर खून से अपने हाथ पर उनका नाम लिखा है। ये खबर मिलने के बाद से कुशाल सदमे में हैं।
आपको बता दें कि कुशाल फिलहाल एकता कपूर की वेबसीरीज 'कपूर' की तैयारियों में जुटे हुए हैं। इसी बीच उनकी एक महिला फैन ने लोगों के होश उड़ाने वाली हरकत की है। कुशाल की सऊदी अरब की एक फैन ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर अपनी कटी हुई कलाई की तस्वीरें शेयर की हैं। जब कुशाल ने इसे देखा तो वह गुस्से से लाल हो गए लेकिन फैन को रिप्लाई करने के पहले उन्होंने उसके पोस्ट को डिलीट किया ताकि दूसरे फैंस को इससे प्रोत्साहन न मिले।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कुशाल ने कहा, 'मेरे आखिरी शो के समाप्त होने के बाद, कई प्रशंसकों ने उनके बारे में लिखा। उन्होंने कहा कि वह मेरे करैक्टर को पसंद करते हैं। कुछ ने ये भी कहा कि जैसे उस शो की लीड एक्ट्रेस माया (जेनिफर विंगेट) एक जुनूनी प्रेमिका थीं, उसी तरह वह लोग भी अपनी कलाई को काट सकते हैं और खून से लेटर लिख सकते हैं। मैंने ऐसी कमेंट्स पर ध्यान नहीं दिया ये सोचते हुए कि कोई भी उस हद तक नहीं जा सकता है।'
कुशाल ने आगे बताया- 'हालांकि एक सप्ताह पहले, सऊदी अरब की एक फैन ने उसकी कलाई को काट कर खून से मेरा नाम लिखा। उसने मेरे सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीरों को भी पोस्ट किया। मैंने ट्विटर पर उसे डांटा और कहा कि अगर आप इस तरह के खतरनाक हरकतों के साथ मुझे इम्प्रेस करने की कोशिश कर रहीं हैं तो आपको इसमें कोई नंबर नहीं मिलते हैं। मैंने उन्हें ये भी कहा कि भविष्य में इसे न दोहराए। मैं इस तरह के खतरनाक हरकतों से कैसे प्रभावित हो सकता हूं?'