कौन बनेगा करोड़पति 10 में कई मौके ऐसे आते हैं जब सवाल पूछते वक्त अमिताभ बच्चन अपनी जिंदगी से जुड़ा हुआ किस्सा शेयर करते हैं। शो के एक एपिसोड में अमिताभ बच्चन ने पुराने दिनों को याद किया और बताया कि कैसे उन्होंने मुश्किलों भरे दिन बिताए हैंं।
अमिताभ बच्चन ने बताया कि 'ये उस वक्त की बात है जब सिनेमा में आने से पहले मैं कोलकाता में नौकरी करता था। मुझे नौकरी के दौरान 500 रुपये मिलते थे। आज के वक्त में ये रुपये बहुत कम है। कोलकाता में रहने के लिए एक कमरा लिया था। इसके लिए मुझे 300 रुपये किराया देना पड़ता था। हम 7 लोग एक कमरे में रहते थे।'
अमिताभ ने बताया कि 'घर का किराया देने के बाद केवल 200 रुपये बचते थे। महीने के आखिर में मैं पानी के बताशे पर निर्भर रहता था जो खाने में काफी स्वादिष्ट होते थे और सस्ते होते थे।' दरअसल शो में कोलकाता से जुड़ा एक सवाल आया। जिसके बाद अमिताभ ने अपनी स्ट्रगल की कहानी बताई।
इससे पहले शुक्रवार को कॉमेडियन कपिल शर्मा को हॉट सीट पर बैठने का मौका मिला। कपिल यहां द अर्थ सेवियर्स फाउंडेशन के फाउंडर रवि कालरा के साथ जोड़ी बनाकर आए। कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर कपिल शर्मा अपने नए शो के प्रमोशन के लिए पहुंचे थे। उनके साथ शो में मुख्य किरदार निभाने वाले एक्टर चंदन प्रभाकर भी थे। चंदन दर्शक दीर्घा में बैठे रहे। कपिल के एंट्री करते ही अमिताभ बच्चन ने कहा कि 'मैंने सुना है कि शो के अलावा आप एक और नई शुरुआत करने वाले हैं।'
अमिताभ बच्चन ने कहा कि 'आप एक साहस वाला काम करने जा रहे हैं। सुना है कि आप ब्याह करने जा रहे हैं।' जिस पर कपिल शर्मा ने कहा कि 'सर, अभी कार्ड छपे नहीं हैं जब छपेंगे तो मैं जरूर देने आऊंगा। बस वो सिक्योरिटी वाले से कह दीजिएगा कि मुझे अंदर आने दे।' कपिल की येे बातें सुन अमिताभ भी खुद को हंसने से रोक नहीं पाते हैं।