इंडियन आइडल 12 टेलीविजन के प्रसिद्ध रियलिटी शोज में से एक है। दर्शक इस शो के 11 सीजन को अब तक पसंद करते आए हैं, लेकिन इस बार ये शो कई सवालों से घिर गया है। इस शो में कभी प्रतियोगियों के गानों को लेकर सवाल उठे, तो कभी अचानक से किसी जज का शो में से गायब हो जाना लोगों को बिलकुल रास नहीं आया। लेकिन इन सबके बीच अब शो में कुछ ऐसा देखने को मिला जिससे सबकी आंखें नम हो गईं, खासकर शो के जज हिमेश रेशमिया की। हर बार किसी न किसी सिंगर को इस शो में आमंत्रित किया जाता है और सभी प्रतियोगी उन्हीं को पूरा एपिसोड समर्पित करते हैं। इस बार एक पूरा एपिसोड सिंगर हिमेश रेशमिया को समर्पित किया गया है।
Indian Idol 12: हिमेश रेशमिया की पत्नी सोनिया ने दिया खास संदेश, सिंगर की आंखें हुई नम
सोनिया का क्या था हिमेश के लिए संदेश
हिमेश की पत्नी सोनिया ने इस संदेश को रिकॉर्ड करके भेजा था। इसमें सोनिया ने कहा, 'मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं। एक पति के रूप में मैं तुम्हें 10 में से 11 नम्बर देती हूं।' सोनिया ने आगे कहा, 'अगर आप इनके साथ लड़ना चाहोगे तो भी नहीं लड़ सकते, क्योंकि इन्हें लड़ाई करना पसंद नहीं है। वह मेरे लिए गाना गाते हैं और गाना बनाते हैं। मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानती हूं। जो बातें हम बयां नहीं कर सकते उसे हिमेश अपने संगीत के साथ बहुत ही आसानी से बयां कर देते हैं। उनके बारे में मुझे ये बातें बहुत पसंद हैं। मैं आपको अपनी जिंदगी में पाकर बहुत धन्य हूं। आप मेरे लिए भगवान का दिया हुआ सबसे बड़ा तोहफा हो।
पत्नी का संदेश सुनकर भावुक हुए हिमेश
अपनी पत्नी की तरफ से आए इस संदेश को सुनकर हिमेश काफी भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं। हालांकि, थोड़े ही समय में माहौल को हल्का करते हुए उन्होंने अपनी और सोनिया की मुलाकात के किस्से सुनाए। हिमेश और सोनिया की मजेदार प्रेम कहानी सुनने के बाद हर कोई हंसने लगा।
इंडियन आइडल से कुछ समय तक गायब थे हिमेश रेशमिया
इंडियन आइडल 12 गानों के साथ-साथ जज के सेट से गायब होने के कारण भी चर्चा में रहा। नेहा कक्कड़, हिमेश रेशमिया और विशाल ददलानी तीनों ही वीकेंड एपिसोड में गायब थे, जिसने दर्शकों की चिंता काफी बढ़ा दी। तीनों जज के गायब होने के बाद अनु मलिक और गीतकार मनोज मुंतशिर ने जज की कुर्सी संभाली। हालांकि विशाल और नेहा शो में क्यों नजर नहीं आ रहे थे, इसकी वजह तो सबको पता लग गई, लेकिन हिमेश एपिसोड
से क्यों गायब हुए थे ये किसी को नहीं पता। फिलहाल हिमेश शो में वापस लौट आए हैं और अनु मलिक के साथ मिलकर शो जज कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर ट्रोल हुए थे हिमेश
इंडियन आइडल 12 के मंच पर किशोर कुमार के गाने गाना हिमेश रेशमिया और नेहा कक्कड़ को काफी भारी पड़ा। दरअसल एक पूरा एपिसोड किशोर कुमार को समर्पित किया गया था। सभी प्रतियोगियों ने किशोर कुमार के गाने गाए। जज ने भी किशोर कुमार के गाने अपनी आवाज में गाए, लेकिन हिमेश और नेहा का ये अंदाज प्रशंसकों को बिलकुल रास नहीं आया। दोनों को ही सोशल मीडिया पर किशोर कुमार के प्रशंसकों ने जमकर ट्रोल किया।