कोरोना वायरस को लेकर बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के कई सितारों की खबर आमने आ रही हैं। एक तरफ मनोरंजन जगत के कई सितारे इस खतरनाक वायरस की जद में आ गए हैं तो वहीं कुछ सितारों के स्टाफ के लोग कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। ऐसे में सितारे भी अपना कोविड-19 का टेस्ट करवाने में जरा भी लापरवाही नहीं दिखा रहे हैं। छोटे पर्दे की अभिनेत्री आमना शरीफ ने भी अपना कोविड-19 टेस्ट करवाया है।
आमना शरीफ ने करवाया कोरोना टेस्ट, अब आई अभिनेत्री सहित पूरे परिवार की रिपोर्ट सामने
आमना शरीफ टीवी के मशहूर सीरियल कसौटी जिंदगी के 2 का हिस्सा हैं। इस सीरियल में आमना शरीफ, कोमोलिका का किरदार निभाती हैं। हाल ही में इस सीरियल के अभिनेता पार्थ समथान कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। ऐसे में कसौटी जिंदगी के सभी कलाकारों और क्रू की कोविड-19 की जांच की गई। इस बीच आमना शरीफ ने अपनी कोविड-19 रिपोर्ट के बारे में सोशल मीडिया पर बताया है।
आमना शरीफ ने अपने आधिकारिक इंस्टग्राम की स्टोरी पर एक पोस्ट साझा किया है। इस पोस्ट में उन्होंने बताया है कि उनकी और उनके पूरे परिवार की कोविड-19 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। अपने इस पोस्ट में आमना शरीफ ने शुभचिंतकों और बीएमसी का शुक्रिया अदा किया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'आप सभी के प्यार और शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया। मैं और मेरा पूरा परिवार कोरोना निगेटिव पाए गए हैं। हालांकि हमारा एक स्टाफ मेंबर संक्रमित निकला है।'
अपने पोस्ट में आमना शरीफ ने आगे लिखा, 'हम अभी उसे आइसोलेट करने की प्रक्रिया में हैं। हम पूरा ख्याल रख रहे हैं कि स्टाफ मेंबर सावधानी के साथ जरूरी ट्रीटमेंट लें।' उन्होंने बीएमसी का धन्यवाद करते हुए पोस्ट में लिखा, 'बीएमसी इस प्रोसेस में काफी मददगार रहा और उन्होंने तुरंत सारी प्रक्रिया को पूरा किया। मैं सभी लोगों से अपील करती हूं कि वह मास्क पहनें और सामाजिक दूरी का पालन करें। इस वक्त यही सबसे ज्यादा जरूरत है।'
आपको बता दें कि अभिनेता पार्थ समथान ने अपने कोरोना संक्रमित होने के बारे में हाल ही में सोशल मीडिया पर बताया था। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा था, 'मुझे कोरोना के हल्के लक्षण थे और मैंने अपने आपको टेस्ट कराया और मैं कोरोना पॉजिटिव पाया गया हूं। मैं उन लोगों से भी गुजारिश करूंगा कि वह भी अपना कोविड-19 का टेस्ट करना लें जो बीते दिनों में मेरे आसपास रहे हैं। बीएमसी मेरे साथ लगातार संपर्क में है और डॉक्टर्स के दिशा-निर्देशों के बाद मैं सेल्फ क्वारंटीन में हूं। मैं सभी लोगों के साथ के लिए शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। आप सभी लोग सुरक्षित रहें और अपना ध्यान रखें।'
A post shared by Parth Samthaan (@the_parthsamthaan) on