रामानंद सागर की रामायण के किरदार इतने खूबसूरत और असरदार थे कि लोग उन्हें अब भी पहचानते हैं, सम्मान देते हैं। रामायण इतना पॉपुलर था कि इसके एक-एक किरदार लोगों को आज भी याद हैं। इन्ही में से एक थे रावण का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी। अरविंद त्रिवेदी (Arvind Trivedi Death) का निधन हो गया है। वह 82 साल के थे। मंगलवार रात दिल का दौरा पड़ने से वे इस दुनिया को अलविदा कह गए। अरविंद त्रिवेदी ने रामायण में अपने उत्कृष्ट अभिनय से न सिर्फ फिल्म जगत पर एक अमिट छाप छोड़ी बल्कि उनका अभिनय लोगों के दिलों में बस गया।
Arvind Trivedi Death: हमारे बीच नहीं हैं रामायण के ये 9 कलाकार, किसी की ट्रेन से कटकर तो किसी की मुंह के कैंसर से हुई मौत
दारा सिंह- हनुमान
जब भी भगवान राम का जिक्र होता है तो हनुमान का नाम साथ में जरूर लिया जाता है। रामायण में दारा सिंह ने हनुमान का किरदार निभाया था।दारा सिंह ने पहले पहलवानी में शोहरत कमाई और बाद में वे फिल्म और टीवी अभिनेता के तौर पर जाने गए। 84 बरस की उम्र में उन्होंने 12 जुलाई, 2012 को दुनिया छोड़ दी। 7 जुलाई 2012 को उन्हें दिल का दौरा पड़ा था जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
श्याम सुंदर कालानी- सुग्रीव
रामायण में सुग्रीव का किरदार निभाने वाले अभिनेता श्याम सुंदर कलानी का कैंसर से साल 2020 में निधन हो गया था। उन्होंने शो में जिस तरह से सुग्रीव का किरदार निभाया वह काबिल-ए-तारीफ है। श्याम सुंदर कलानी ने रामायण के साथ-साथ त्रिमूर्ति, छैला बाबू और हीर रांझा फिल्मों के साथ ‘जय हनुमान’ सीरियल में हनुमान की भूमिका भी निभाई थी।
ललिता पवार- मंथरा
रानी कैकेयी की दासी मंथरा का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री ललिता पवार की मृत्यु 24 फरवरी 1998 को हो गई थी। वह कैंसर से पीड़ित थीं। हिंदी सिनेमा जगत में जबरदस्त खलनायिका के तौर पर पहचानी जाने वालीं ललिता पवार को आज भी लोग उनके अभिनय से याद करते हैं।
मुकेश रावल- विभीषण
रावण के भाई विभीषण का किरदार निभाने वाले मुकेश रावल की साल 2016 में ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। उनकी मौत बहुत ही दुखद रही। जानकारी के अनुसार वह अपने बेटे की मौत के सदमे से जूझ रहे थे। आज भी लोगों के जहन में उनकी सज्जनता से भरी अदाकारी और वक्त वक्त पर श्रीराम को परामर्श देने वाले दृश्य कैद हैं।