अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) के बहुचर्चित शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (Kaun Banega Crorepati) का इंतजार प्रशंसक बेसब्री से कर रहे हैं। आखिरकार यह इंतजार खत्म होने वाला है और 19 अगस्त से रात 9 बजे इस शो का आगाज हो रहा है। 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) के 11वें सीजन को बिग बी ही होस्ट कर रहे हैं। ऐसे में हर एक के मन में सवाल आना लाजमी है कि आखिर पहले दिन बिग बी के सामने हॉट सीट पर कौन बैठेगा? अगर आप भी इस सवाल का जवाब ढूंढ रहे हैं तो इसका जवाब हमारे पास है।
केबीसी 11: रायपुर की बेटी बनेगी सबसे पहली कंटेस्टेंट, शादी के सवाल पर बिग बी से कह दी ये बात
'कौन बनेगा करोड़पति' के 11वें सीजन के पहले एपिसोड का प्रोमो जारी कर दिया गया है। शो में अमिताभ बच्चन के सामने खेल खेलने वाली पहली कंटेस्टेंट महिला हैं जिनका नाम चित्ररेखा राठौड़ है। चित्ररेखा तीनों भाई-बहनों में मंझली है। चित्ररेखा के 'कौन बनेगा करोड़पति' के पहले सीजन के पहले एपिसोड में बतौर कंटेस्टेंट पहुंचने से परिवारवालों के अलावा पूरा राठौर समाज भी काफी उत्साहित है।
यह भी पढ़ें:- केबीसी से अपने 19 साल के साथ को याद कर भावुक हुए अमिताभ बच्चन, कही ये बात
चित्ररेखा पेशे से डॉक्टर हैं और रायपुर के अस्पताल में सेवा दे रही हैं। शो के दौरान चित्ररेखा ने अपनी निजी जिंदगी के बारे में भी कई खुलासे किए। शो के दौरान बिग बी ने चित्ररेखा से पूछा कि आपने लव मैरिज की है या फिर अरेंज मैरिज? अमिताभ के इस सवाल पर चित्ररेखा ने जो जवाब दिया उसे सुनकर बिग बी को भी यकीन नहीं हुआ। चित्ररेखा ने बताया कि 'उनके रंग की वजह से उन्हें कोई भी पसंद नहीं करता था। पति अश्विनी राठौर आयुर्वेदिक डॉक्टर हैं। उनको पढ़ी-लिखी लड़की से शादी करनी थी। इस तरह से मेरी शादी हुई।'
यह भी पढ़ें:- 'कौन बनेगा करोड़पति' के 11वें सीजन का हुआ आगाज, बिग बी ने लॉन्च पर कही ये अहम बातें
शो के दौरान चित्ररेखा ने बताया कि 'वह अमिताभ बच्चन की बहुत बड़ी प्रशंसक हैं। शो में हिस्सा लेने के लिए कई साल से कोशिश कर रही हैं लेकिन अब जाकर मौका मिला।' चित्ररेखा ने सवालों के बारे में ज्यादा तो नहीं बताया क्योंकि सभी कंटेस्टेंट करार में बंधे होते हैं। चित्ररेखा ने कहा कि शो के दौरान बिग बी के साथ उन्होंने डांस भी किया। चित्ररेखा ने कहा कि मेरा डांस देखकर अमिताभ बच्चन ने मुझे मजाक में कहा- 'आप इतना अच्छा डांस करती हैं लेकिन मंच का भी ध्यान रखिए। तेज डांस करेंगी तो ये टूट जाएगा।' चित्ररेखा कितने रुपये जीत पाएंगी यह तो आने वाले एपिसोड में ही पता चलेगा।
गौरतलब है कि 'कौन बनेगा करोड़पति सीजन 11' को कुछ दिन पहले ही मुंबई में लॉन्च किया गया था। इस दौरान बिग बी भावुक हो गए थे। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा- वह अब भी हर नए सीजन से पहले इस शो को लेकर उतने ही उत्साहित हो जाते हैं, जितने कि वह पहले सीजन के वक्त हुआ करते थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि शो को बनाने वाले इस साल भी देश-दुनिया से कुछ ऐसे कर्मवीरों की कहानियां दर्शकों को दिखाएंगे जो न सिर्फ सारे भारतीयों को बल्कि पूरी दुनिया को प्रभावित कर सकते हैं।'