Mukesh Rishi: ‘बुल्ला’ से लेकर ‘बिल्ला जिलानी’ तक ये हैं मुकेश ऋषि के 10 यादगार किरदार, बिजनेसमैन से बने एक्टर
Mukesh Rishi Birthday Special: फिल्मी दुनिया के खूंखार विलेन मुकेश ऋषि आज अपना 69वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर हम उनके चुनिंदा दस यादगार किरदारों के बारे में पढ़ेंगे। साथ ही जानेंगे कि वह फिल्मी दुनिया में कैसे आए?
विस्तार
फिल्मी दुनिया के खूंखार विलेन्स का जब भी जिक्र आएगा, तो उसमें मुकेश ऋषि का नाम आपको टॉप पर ही दिखेगा। 90 से 2000 के दशक तक उन्होंने कई सारी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया। इस दौरान उन्होंने कई सारे पॉजिटिव किरदार भी निभाए। आज मुकेश ऋषि का 69वां जन्मदिन है। इस मौके पर हम जानेंगे उनके दस यादगार किरदारों के बारे में…
फिल्मों में कैसे आए मुकेश ऋषि?
मुकेश ऋषि के यादगार किरदारों के बारे में जानने से पहले जान लेते हैं कि वो फिल्मों में कैसे आए? मुकेश का जन्म 17 अप्रैल 1956 को जम्मू में हुआ। उनके पिता एक बिजनेसमैन थे। मुकेश के पिता चाहते थे कि वह बिजनेस में उनका हाथ बटाएं लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उनका मन पढ़ाई में नहीं लगता था। हां, उन्हें क्रिकेट खेलना काफी पसंद था। वह पंजाब यूनिवर्सिटी में कॉलेज क्रिकेट टीम के कैप्टन हुआ करते थे।
कुछ दिनों के बाद उनके पिता मुंबई शिफ्ट हो गए। उन्होंने वहां पर अपना बिजनेस खड़ा कर लिया। कॉलेज के बाद मुकेश ऋषि भी उनके साथ बिजनेस में हाथ बटाने लगे, लेकिन उनका मन नहीं लगता था। इसके बाद वह फिजी चले गए। वहां पर उन्होंने एक डिपार्टमेंटल स्टोर में काम किया। इस दौरान वह मॉडलिंग भी करते रहे। उनके दोस्तों ने उन्हें फिल्में करने की सलाह दी। पिता के निधन के बाद वह मुंबई लौट आए। उन्होंने भाई को बिजनेस संभालने के लिए कहा और खुद एक्टिंग की दुनिया का रुख कर लिया।
उन्होंने एक्टिंग स्कूल में एडमिशन लिया और एक्टिंग के गुण सीखे। उन्होंने यश चोपड़ा की साल 1993 में रिलीज हुई फिल्म ‘परंपरा’ से डेब्यू किया।
अब जानिए मुकेश ऋषि के निभाए कुछ यादगार किरदारों के बारे में...
टाइगर (जुड़वा, 1997)
सलमान खान की फिल्म जुड़वा (1997) में मुकेश ऋषि ने विलेन का किरदार निभाया है। इस फिल्म में वह रतनलाल ‘टाइगर’ की भूमिका में हैं। मुकेश ऋषि ने फिल्म में एक अलग अंदाज अपनाया था जिसमें वो किसी को मारने से पहले बांसुरी बजाते थे।
चीना (घातक, 1996)
सनी देओल की फिल्म ‘घातक’ में मुकेश ऋषि ने डैनी डेंजोंगपा (कातिया) के भाई ‘चीना’ का किरदार निभाया है। इस फिल्म से उन्होंने काफी प्रभाव छोड़ा था। यह किरदार मुकेश ऋषि के करियर के शुरुआती दौर के सबसे बेहतरीन किरदारों में से एक माना जाता है।
बुल्ला (गुंडा, 1998)
साल 1998 में रिलीज हुई फिल्म ‘गुंडा’ में मुकेश ऋषि ने ‘बुल्ला’ का किरदार निभाया है। विलेन होने के बावजूद इस फिल्म में जिस तरह से वह डायलॉग का उपयोग करते हैं। वह थोड़ा हंसने पर भी मजबूर कर देता है। फिल्म में उनके खास डायलॉग- 'मेरा नाम है बुल्ला रखता हूं..' पर आज के दौर में कई मीम वायरल हैं।
इंस्पेक्टर सलीम (सरफरोश, 1999)
साल 1999 में रिलीज हुई आमिर खान की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘सरफरोश’ में मुकेश ऋषि ने अपने विलेन वाले किरदार से हटकर हीरो के सहयोगी की भूमिका निभाई। इस फिल्म में वह पुलिस इंस्पेक्टर सलीम के किरदार में नजर आए। उनके इस रोल ने लोगों को काफी प्रभावित किया।
केवड़ा ठाकुर (सूर्यवंशम, 1999)
अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘सूर्यवंशम’ में मुकेश ऋषि ने अहम भूमिका निभाई है। इस फिल्म में वह ‘केवड़ा ठाकुर’ का किरदार निभाया है। उनका यह किरदार सबसे ज्यादा यादगार किरदारों में से एक है।
इंस्पेक्टर खुर्शीद खान (कोई मिल गया, 2003)
ऋतिक रोशन की फिल्म ‘कोई मिल गया’ में मुकेश ऋषि ने ‘इंस्पेक्टर खुर्शीद खान’ का किरदार निभाया है। वह एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं। उन्होंने इस किरदार से एक अलग छाप छोड़ी है।
वसीम खान (इंडियन, 1993)
सनी देओल की फिल्म ‘इंडियन’ में मुकेश ऋषि खूंखार आतंकवादी वसीम खान के किरदार में नजर आए हैं। उन्होंने इस फिल्म में अपनी दमदार अदाकारी का परिचय दिया था।
बादशाह ( लोफर, 1997)
अनिल कपूर की फिल्म ‘लोफर’ में मुकेश ऋषि खतरनाक खलनायक ‘बादशाह’ की भूमिका में नजर आए हैं। वह इस फिल्म में मर्डर करने से पहले ढोल बजाते हैं। उनकी अदाकारी को इस फिल्म में काफी पसंद किया गया था।
राज दत्त शर्मा (दम,1999)
विवेक ओबेरॉय की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘दम’ में मुकेश ऋषि एक ईमानदार पुलिस अधिकारी राज दत्त शर्मा की भूमिका में नजर आए हैं। उनकी सहायक भूमिका को इस फिल्म में काफी पसंद किया गया है।
बिल्ला जिलानी (गर्दिश, 1989)
गर्दिश मुकेश ऋषि की पहली हिंदी फिल्म थी। इस फिल्म में वह बिल्ला जिलानी के किरदार में नजर आए। इस फिल्म से उन्होंने अपने दमदार अभिनय की छाप छोड़ी।
अब क्या कर रहे हैं मुकेश ऋषि?
मुकेश ऋषि ने 2000 के दशक तक सक्रियता के साथ हिंदी फिल्मों में काम किया है। इसके बाद वह धीरे-धीरे बॉलीवुड की फिल्मों दिखना कम हो गए। उन्होंने साउथ इंडस्ट्री का रुख कर लिया। कई इंटरव्यूज में उन्होंने इस बात का जिक्र भी किया कि वह साजिश का शिकार हो गए, जिसकी वजह से उन्हें काम मिलना बंद हो गया। हालांकि, मौजूदा समय में वह साउथ इंडस्ट्री में एक्टिव हैं और कई बेहतरीन फिल्में में काम कर रहे हैं।