मारवल कॉमिक्स के सुपरहीरो पर आधारित फिल्म 'अवेंजर्सः इंफिनिटी वॉर (Avengers: Infinity War)' का दर्शक लंबे समय से इंतजार कर रहे थे जो इस शुक्रवार को आखिरकार खत्म हो गया। इस फिल्म में 22 सुपरहीरो को दिखाया गया है, इतने सुपरहीरो एक साथ किसी भी फिल्म में कभी नहीं दिखाए गए हैं। इसके अलावा थानोस जैसा खतरनाक और ताकतवर विलेन फिल्म को और भी रोमांचक बनाता है। 'अवेंजर्सः इंफिनिटी वॉर' एक दशक की मेहनत का नतीजा है। फिल्म में वह सारे मसाले हैं जो दर्शकों को अपना फैन बनाने के लिए काफी है।
फिल्म की कहानी पूरे यूनिवर्स की रक्षा करने पर आधारित है। मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स एक साथ ताकतवर थैनोस से मुकाबला करने का फैसला करते हैं क्योंकि उसने धरती को खत्म करने की धमकी दी है। वह करीब-करीब सभी ग्रहों पर कब्जा कर लेता है, इसके बाद सारे सुपरहीरो मिलकर थानोस को रोकने के लिए हाथ मिलाते हैं।
मारवल सुपरहीरो सीरीज की ये 19वीं फिल्म हैं और इस फिल्म की कहानी को अच्छे से समझने के लिए अच्छा होगा कि आप पहले अवेंजर्स सीरीज, कैप्टन अमेरिका सीरीज और ब्लैक पैंथर जैसी फिल्में पहले से देख लें। अगर आप ऐसा करते हैं तो यकीन मानिए इस फिल्म को देखने का आपका मजा दोगुना हो जाएगा। फिल्म का डायरेक्शन कमाल का है और कहानी को बयां करने की कभी भी जल्दबाजी नहीं दिखाई गई है। फिल्म जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, परतें खुलती जाती हैं।
पूरी फिल्म एक्शन से भरपूर है साथ ही सभी अपने-अपने किरदार के साथ इंसाफ करते हुए दिखाई दिए हैं। फिल्म पूरे ढाई घंटी दर्शक को अपने साथ बांधे रखने में कामयाब है। फिल्म में एक मात्र विलन थानोस की भूमिका को काफी मजबूत बनाया गया है। अगर आपने अवेंजर सीरीज की फिल्में देखी हैं तो इस फिल्म को मिस न करें।
'अवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर' एक बहुत महत्वाकांक्षी फिल्म है और यह भारत में हॉलीवुड की सबसे बड़ी रिलीज है। फिल्म ने प्री-सेल के मामले में बॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म 'बाहुबली' को भी पीछे छोड़ दिया है। दिल्ली-एनसीआर में इस फिल्म के 1500 शो एक साथ चलेंगे। इस फिल्म के लिए मार्वल स्टूडियो ने काफी भारी-भरकम मार्केटिंग कैंपेन भी चलाया है। फिल्म के स्क्रीनप्ले के लिए क्रिस्टोफर मार्कस और स्टीफेन मैकफीली की तारीफ की जानी चाहिए।