कोरोना संक्रमण काल में मनोरंजन की दुनिया की दो बड़ी अमेरिकी हलचलों का असर यहां मुंबई में भी महसूस किया जा रहा है। दूरसंचार कंपनी एटीएंडटी का अपनी सहयोगी कंपनी वार्नर मीडिया का डिस्कवरी के साथ विलय करना दूरगामी परिणाम लेकर आने वाला है। और, इस बीच खबर ये भी कि अमेजन ने अपने ओटीटी प्राइम वीडियो पर जेम्स बॉन्ड की फिल्में दिखाने के लिए हॉलीवुड के दिग्गज स्टूडियो एमजीएम से बातचीत शुरू कर दी है। चर्चा ये भी है कि अमेजन इस स्टूडियो को खरीद भी सकती है।
2 of 5
डिस्कवरी
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
मुंबई फिल्म जगत पिछले दो दिन से ताउते तूफान से जूझ रहा है। तमाम फिल्मी कलाकारों के घरों के आगे गिरे पेड़ों से तबाही का मंजर दिखता है तो दमन, दीव और गुजरात में चल रही तमाम धारावाहिकों की शूटिंग इस तूफान ने रोक दी है। इस चक्रवात से मीलों दूर अमेरिका में एक दूसरी ही हवा चल रही है। सोमवार को एटीएंडटी व डिस्कवरी ने एक नई कंपनी को बनाने का एलान कर दिया।
3 of 5
वार्नर मीडिया
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
डिस्कवरी के साथ एटीएंडटी ने अपनी मीडिया व एंटरटेनमेंट कंपनी वार्नर मीडिया को मिलाकर नई कंपनी बनाने का एलान किया है। विलय का ये प्रस्ताव वहां की नियामक कंपनी को भेजा जा चुका है। नई कंपनी के नाम का एलान तो अभी नहीं हुआ है पर दोनों कंपनियों के शीर्ष प्रबंधन के बीच इस नई कंपनी को चलाने के लिए नियंत्रण आदि को लेकर बातचीत पूरी हो चुकी है। अरसे से ये चर्चा चलती रही है कि ओटीटी नेटफ्लिक्स की डिस्कवरी को खरीदने की बात हो रही थी।
4 of 5
एमजीएम
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
बातों की जहां तक बात है तो अमेरिकी मनोरंजन जगत की सबसे बड़ी खबर वहां के एमजीएम स्टूडियो की संभावित बिक्री को लेकर आ रही है। अमेरिका के तमाम अखबारों और न्यूज पोर्टल्स के मुताबिक दिग्गज ई कॉमर्स कंपनी अमेजन ने एमजीएम स्टूडियो को खरीदने की पेशकश की है। ये बातचीत जिस दौर में है वहां अभी दोनों कंपनियां कुछ भी कहने से बच रही हैं। लेकिन, बाजार के अनुमानों के मुताबिक एमजीएम स्टूडियो को बेचने की ये डील सात से दस अरब डॉलर के बीच हो सकती है।
5 of 5
जेम्स बॉन्ड
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
एमजीएम कंपनी के पास तमाम एनीमेशन फिल्मों के अधिकार के अलावा सारी जेम्स बॉन्ड फिल्मों के प्रसारण, प्रदर्शन व वितरण अधिकार भी हैं। उनकी जेम्स बॉन्ड सीरीज की नई फिल्म ‘नो टाइम टू डाई’ बनकर तैयार है और इसकी रिलीज अब तक चार बार टाली जा चुकी है। एमजीएम स्टूडियोज के पास जेम्स बॉन्ड के अलावा फिल्म सीरीज रॉकी और तमाम टीवी शोज के भी बौद्धिक संपदा अधिकार हैं। एक अनुमान के मुताबिक एमजीएम की लाइब्रेरी में तकरीबन चार हजार फिल्में हैं जिनमें ‘रोबो कॉप’, ‘द पिंक पैंथर’, ‘द साइलेंस ऑफ लैम्ब्स’ आदि प्रमुख हैं। ‘फारगो’, ‘द हैंड्समेड टेल’ और ‘वाइकिंग्स’ जैसी सुपरहिट टीवी सीरीज भी एमजीएम ने ही बनाई हैं।