बॉलीवुड में 'जन्नत गर्ल' के नाम से मशहूर हुईं एक्ट्रेस सोनल चौहान आप सभी को याद होंगी। एक्टर इमरान हाशमी के साथ फिल्म 'जन्नत' में काम करके सोनल चौहान को काफी पॉपुलैरिटी मिली थी। फिल्म में सोनल के अभिनय को लोगों ने काफी पसंद किया था और ऐसा लगने लगा था कि अभिनेत्री फिल्म इंडस्ट्री में लंबी पारी खेलेंगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सोनल चौहान ने जन्नत के बाद भी कई फिल्मों में काम किया लेकिन फिर भी उनका फिल्मी करियर कुछ खास नहीं चला। आखिर में सोनल चौहान ने हिंदी सिनेमा से दूरी बना ली। लेकिन एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर खूब एक्टिव रहती हैं। 16 मई, 1987 को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में जन्मीं सोनल चौहान एक रॉयल फैमिली से ताल्लुक रखती हैं। उनका परिवार मणिपुर के रॉयल चौहान राजपूत घराने से हैं। एक्ट्रेस के जन्मदिन के खास मौके पर हम उनसे जुड़ी कुछ बातें आपको बताने जा रहे हैं।
सोनल चौहान फिल्मों में आने से पहले मॉडलिंग किया करती थीं और वो पहली भारतीय थीं जिन्हें मिस वर्ल्ड टूरिज्म 2005 के खिताब से सम्मानित किया गया था। सोनल को पहली बार हिमेश रेशमिया के एलबम 'आप का सुरूर' में देखा गया था। 'जन्नत' फिल्म के डायरेक्टर कुनाल देशमुख ने सोनल को मुबंई के एक रेस्टोरेंट में देखा था। इसके बाद उन्होंने सोनल को अपनी फिल्म में कास्ट कर लिया और शूटिंग शुरू कर दी।
फिल्म में सोनल ने इमरान हाशमी के अपोजिट मासूम जोया माथुर नाम की लड़की का किरदार निभाया था। बॉलीवुड फिल्म 'जन्नत' के लिए सोनल को फिल्मफेयर अवॉर्ड 2009 में नॉमिनेट किया गया था। फिल्म 'जन्नत' के अलावा सोनल चौहान 'बुड्डा होगा तेरा बाप', 'पहला सितारा', '3जी', 'पलटन, जैक एंड दिल' में नजर आ चुकी हैं। हालांकि, ये फिल्में कुछ खास कमाल नहीं कर पाईं। लेकिन, सोनल की अदाकारी को लोगों ने काफी सराहा था।
सोनल ने सिर्फ हिंदी फिल्मों में ही नहीं बल्कि अपनी किस्मत साउथ और कन्नड फिल्मों में भी आजमाई। इसके अलावा कई टीवी विज्ञापनों में काम के साथ एक्ट्रेस ने कई मैगजीन के लिए बोल्ड फोटोशूट भी करवाए। लोग उन्हें किस हद तक पसंद करते थे इस बात का अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि एक बार सोनल चौहान के एक फैन ने उन्हें उनके 28वें जन्मदिन पर 8000 लाल गुलाब भेजे थे। गुलाब भेजते हुए फैन ने अपना नाम तक नहीं लिखा था।
पत्रकारिता में रुचि होने की वजह से सोनल ने दिल्ली के गार्गी कॉलेज से मास कम्युनिकेशन में स्नातक किया। पहली फिल्म आने के बाद भी उन्होंने अपनी पढ़ाई जारी रखी थी। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और वो फिल्मों में आ गईं। हालांकि, फिल्मों में भी कुछ खास ना कर पाने के बाद सोनल ने सिनेमा जगत से दूरी बना ली। सोनल चौहान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं लेकिन इस वक्त वो कहां है और क्या कर रही हैं इसकी कोई जानकारी नहीं है।