बॉलीवुड के 'दबंग' अभिनेता सलमान खान के साथ काम करने की तमन्ना भला किसकी नहीं होगी। हर कलाकार उनके साथ फिल्म में काम करने की इच्छा रखता है। सलमान ने कई लोगों को काम देकर उनकी जिंदगी बदल दी है। लेकिन कई लोग ऐसे भी थे जो सलमान के साथ काम करके गुमनाम भी हो गए। आज हम आपको ऐसी ही अभिनेत्रियों के बारे में बताएंगे जिन्होंने सलमान के साथ काम किया लेकिन आज दर्शक उन्हें भुला चुके हैं।
कभी सलमान खान के साथ नजर आई थीं ये अभिनेत्रियां, दो की अब खोज खबर तक नहीं
पूजा डडवाल
साल 1995 में रिलीज हुई फिल्म 'वीरगति' में पूजा डडवाल ने सलमान खान के साथ काम किया था। इसके अलावा वह दो-तीन और फिल्मों में नजर आई थीं लेकिन उन्हें बॉलीवुड में खास पहचान नहीं मिल पाई। बाद में पता चला कि पूजा की माली हालत बेहद खराब है, जिसकी वजह से वह अपना इलाज कराने में भी सक्षम नहीं हैं। जब ये बात सलमान खान को पता चली तो वह मदद के लिए आगे आए। बीते दिनों भी जब पूजा की तबीयत बिगड़ी थी तब भी उन्होंने सलमान से ही मदद की गुहार लगाई थी।
रंभा
सात भाषा में फिल्में करने वाली अभिनेत्री रंभा ने सलमान खान के साथ भी काम किया। साल 1997 में 'जुड़वा' और 1998 में फिल्म 'बंधन' में दोनों की जोड़ी बनी। तमिल, तेलुगु, भोजपुरी, हिंदी, कन्नड़ और बंगाली फिल्मों में काम करने के बाद रंभा ने टीवी की तरफ रुख किया। साल 2017 में वह एक टीवी रियलिटी शो में नजर आई थीं। फिलहाल अब रंभा लाइमलाइट से दूर हैं।
सलमान खान की फिल्म 'सनम बेवफा' से डेब्यू करने वाली अभिनेत्री चांदनी का असली नाम नवोदिता शर्मा हैं। कुछ फिल्में करने के बाद ही चांदनी ने बॉलीवुड से दूरी बना ली। उनकी आखिरी फिल्म 'हाहाकार' थी जो 1996 में रिलीज हुई थी। चांदनी शादी के बाद विदेश चली गईं। बताया जाता है कि वह वहां डांस सिखाती हैं।
रेनू आर्या
फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' में सलमान के साथ रेनू आर्या नजर आई थीं। इस फिल्म फारुख शेख और रेखा मुख्य भूमिका में थे। इसी फिल्म से सलमान ने बॉलीवुड में डेब्यू किया था। एक दो फिल्में करने के बाद रेनू ने काम करना छोड़ दिया था। हैरानी की बात ये है कि इतने सालों बाद भी किसी को भी रेनू की कोई खबर नहीं है।