बॉलीवुड में सलमा आगा वो अभिनेत्री रहीं जिनका करियर गायिका के चलते आगे बढ़ा। पहली ही फिल्म 'निकाह' में 'दिल के अरमां आंसुओं में बह गए' गाकर सलमा रातों-रात छा गईं। उनका जन्म 25 अक्टूबर, 1956 को पकिस्तान के कराची में हुआ था लेकिन वो मूलत: ब्रिटिश नागरिक रहीं। हालांकि साल 2016 में उन्हें भारतीय नागरिकता मिल गई।
सलमा आगा के नाना जुगल किशोर, राज कपूर के सगे मामा थे। इस लिहाज से सलमा की मां नसरीन आगा राज कपूर की बहन लगती थीं। सलमा ने बताया था कि राज कपूर उन्हें फिल्म हीना से लॉन्च करना चाहते थे लेकिन उनकी नानी फिल्मों में काम करने के खिलाफ थीं। नानी ने राज कपूर से कहा था कि कोई निर्माता उन्हें मौका न दे। इसी वजह सलमा को काम मिलने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
सलमा के मुताबिक उन्हें फिल्म निकाह इत्तेफाक से मिली। वो नौशाद साहब के घर एक गाने के सिलसिले में पहुंची थीं। यहीं उनकी मुलाकात बीआर चोपड़ा से हुई जो उस समय फिल्म 'तलाक तलाक तलाक' बना रहे थे। चोपड़ा साहब को सलमा की आवाज पसंद आई और वहीं उन्हें फिल्म का ऑफर मिल गया। इसी फिल्म का नाम विवाद के बाद बदलकर 'निकाह' कर दिया गया।
निकाह के बाद सलमा ने कसम पैदा करने वाले की, ऊंचे लोग, जंगल की बेटी जैसी फिल्मों में काम किया लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके पीछे की वजह सलमा फिल्मों का ठीक से चुनाव न करना मानती थीं। आखिरी बार सलमा साल 1996 में आई फिल्म 'गहरा राज' में नजर आई थीं।
सलमा ने पहली शादी 1980 में जावेद शेख से की लेकिन उनका रिश्ता ज्यादा नहीं चल सका। साल 1989 में सलमा ने दूसरी शादी रहमत खान से रचाई लेकिन ये रिश्ता भी टूट गया और फिर उन्होंने तीसरी शादी मंजर शाह से की। अब उनका एक बेटा और बेटी है।