बॉलीवुड इंडस्ट्री में यूं तो कई अभिनेत्रियां अपनी किस्मत आजमाने आती हैं, लेकिन कुछ हसीनाएं ऐसी भी होती हैं, जो अपने अभिनय के जादू से हमेशा के लिए दर्शकों के दिलों में बस जाती हैं। आज हम आपको एक ऐसी ही शख्सियत से रूबरू करवाएंगे, जिन्होंने अपने अभिनय ही नहीं बल्कि अपने हेयरस्टाइल से भी हिंदी सिनेमा में राज किया है। आज भले ही अभिनेत्री हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन आज भी उनका यह हेयरस्टाइल महिलाओं के बीच काफी प्रचलन में हैं।
हम बात कर रहे हैं, हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री साधना शिवदासानी की। साधना अपने जमाने की टॉप अभिनेत्रियों की लिस्ट में शुमार रही हैं। साधना अपने अभिनय के लिए तो मशहूर हुई हीं, लेकिन उससे भी ज्यादा मशहूर वह अपनी हेयरस्टाइल के लिए हुईं। आज ही के दिन यानी 2 सितंबर को अभिनेत्री का जन्म हुआ था। तो इस खास दिन पर चलिए जानते हैं अभिनेत्री की जिंदगी के कुछ दिलचस्प किस्से।
साधना का जन्म पाकिस्तान के कराची में दो सितंबर 1941 को हुआ था। 1947 में बंटवारे के बाद वह अपने माता-पिता के साथ भारत आ गई थीं। अभिनेत्री अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थीं। कहते हैं साधना के पिता ने उनका नाम साधना इसलिए रखा था क्योंकि उनके पिता को 1930 की अभिनेत्री और डांसर साधना बोस काफी पसंद थीं। इसलिए अपनी बेटी का नाम भी उन्होंने साधना ही रखा। पिता के कहने पर ही साधना ने अभिनय इंडस्ट्री में कदम रखा था।
'मेरा साया', 'वो कौन थी' और 'वक्त' जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुकीं साधना की साल 1960 में 'लव इन शिमला' फिल्म रिलीज हुई थी। इस फिल्म को दर्शकों ने अपना प्यार तो दिया, लेकिन फिल्म से ज्यादा साधना का हेयर स्टाइल फैंस के बीच काफी लोकप्रिय हो गया था। इस हेयरस्टाइल को लोग साधना कट के नाम से बुलाने लगा। सभी लड़कियों ने अभिनेत्री से इंस्पायर होकर यह हेयर स्टाइल करना शुरू कर दिया था।
कहते हैं कि जब साधना लव इन शिमला में काम कर रही थीं तो फोटो में उनका माथा बहुत उभरकर नजर आता था। ऐसे में वे पार्लर गईं और उन दिनों मशहूर हॉलीवुड अभिनेत्री ऑड्रे हेपबर्न जैसा हेयर स्टाइल करवा कर आ गईं। यह हेयरस्टाइल एक्ट्रेस पर बहुत जंचा, जिसे बाद में 'साधना कट' से जाना गया। बता दें कि आखिरी समय में साधना को थायराइड की बीमारी हो गई थीं। जिससे उनकी आंखों पर भी असर पड़ने लग गया था। अपने अंतिम दिनों में भी साधना गुमनामी जैसी जिंदगी में ही रहीं।