राजामौली की फिल्म 'आरआरआर' जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके चलते एनटीआर जूनियर, राम चरण और एसएस राजामौली फिल्म का प्रमोशन करने में कोई भी कसर नहीं छोड़ रहे हैं। इसी मल्टी सिटी टूर प्रमोशन के दौरान 'आरआरआर' की टीम मंगलावर को वाराणसी पहुंची, जहां टीम ने गांगा आरती में हिस्सा लिया।
RRR: प्रमोशन के आखिरी दिन वाराणसी पहुंचे एनटीआर जूनियर, राम चरण और एसएस राजामौली, गंगा आरती में लिया हिस्सा
आरआरआर की टीम ने 18 से 22 मार्च तक देश भर में प्रमोशन करने की योजना तैयार की थी। इसी के चलते टीम बेंगलुरु, हैदराबाद, दिल्ली, जयपुर और अमृतसर में प्रमोशन कर चुकी है। वहीं, टीम ने बड़ोदरा में सरदार वल्लभभाई पटेल के स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दौरा भी किया। इस दौरे के साथ ही यह फिल्म भारत के ऐतिहासिक स्मारक का दौरा करने वाली पहली फिल्म बन गई।
आरआरआर मूवी के इंस्टाग्राम अकाउंट पर टीम के वाराणसी में गंगा आरती करने की तस्वीर साझा की गई है। तस्वीर में एनटीआर जूनियर, राम चरण और एसएस राजामौली कुर्ता पहने नजर आ रहे हैं और एक साथ खड़े होकर पोज देते दिख रहे हैं। वहीं, एक तस्वीर में तीनों गंगा आरती में हिस्सा ले रहे हैं। इसके साथ कैप्शन लिखा गया है कि सुंदर और दिव्य शहर वाराणसी में...।
आपको बता दें कि फिल्म 25 मार्च को रिलीज होने वाली है। फिल्म की एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है। फिल्म करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से बनी है। इस फिल्म में राम चरण, जूनियर एनटीआर, आलिया भट्ट के साथ अजय देवगन भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। यह राजामौली की डॉल्बी सिनेमा में रिलीज होने वाली पहली भारती फिल्म है।