रानू मंडल (Ranu Mondal) आज किसी पहचान की मोहताज नहीं है। पश्चिम बंगाल के राणाघाट रेलवे स्टेशन से लेकर पहली फिल्म के गाने के रिकॉर्डिंग तक उनका सफर आसान नहीं था। एक छोटे से वीडियो ने रानू मंडल की किस्मत ऐसी चमकाई कि हर कोई उनकी मधुर आवाज का दीवाना है। रेलवे स्टेशन से रिकॉर्डिंग तक का रानू का सफर तो सबके सामने है कि कैसे वह सेंसेशन बन गईं। ऐसे में यह सवाल उठता है कि आखिर ऐसा क्या हो गया कि रेलवे स्टेशन पर गाना गाकर उन्हें अपना जीवनयापन करना पड़ा। हाल ही में रानू मंडल ने एक इंटरव्यू के दौरान अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई खुलासे किए।
स्टार बनते ही रानू मंडल का खुलासा, इस अभिनेता के घर में पति थे रसोइया, अब बोलीं- 'वो हमारे साथ...'
रानू मंडल ने हाल ही में दिए गए इंटरव्यू के दौरान अपने जीवन के उस सफर के बारे में बताया जिससे अभी तक लोग अंजान है। रानू मंडल ने न्यूज एंजेसी से बात करते हुए कहा- 'मेरे जीवन की कहानी बहुत लंबी है। इस पर फिल्म भी बन सकती है। यह फिल्म बहुत ही खास होगी।' बीते दिनों को याद करते हुए रानू मंडल कहती हैं- 'मैं फुटपाथ पर पैदा नहीं हुई थी। अच्छे परिवार से हूं लेकिन यह मेरी नियति थी कि मैं माता-पिता से महज 6 महीने की उम्र में ही अलग हो गई थी।'
रानू ने आगे कहा- 'दादी ने पालापोसा। हमारे पास घर था लेकिन उसे चलाने के लिए लोगों की जरूरत होती है। कई दिन अकेलेपन के थे। मैंने बहुत संघर्ष किया लेकिन हमेशा से ही भगवान पर भरोसा रहा। मैं परिस्थिति के मुताबिक गाना गाती थी। ऐसा नहीं था कि मुझे गाना गाने का मौका दिया गया, मुझे गाना गाने से प्यार था। इस वजह से मैं गाना गाती थी।'
रानू ने कहा- 'मैं लता मंगेशकर के गाने सीखती थी। मैंने उनसे रेडियो और कैसेट से सीखा। शादी के बाद पश्चिम बंगाल से मुंबई शिफ्ट हो गए। मेरे पति फिल्म अभिनेता फिरोज खान के घर में रसोइया था। उस वक्त उनका बेटा फरदीन कॉलेज में था। वो लोग हमारे साथ बहुत अच्छा व्यवहार करते थे बिल्कुल अपने परिवार के सदस्यों की तरह। मुंबई में संगीत की बहुत सुविधाएं हैं। मेरे घर से मुंबई आना और फिर फ्लाइट से लौटना भी कठिन है। अच्छा होता कि अगर मुंबई में मेरा घर होता।'
आपको बता दें, कुछ दिन पहले ऐसी खबर आई थी कि सलमान खान ने रानू मंडल को 55 लाख का घर तोहफे में दिया है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई थी लेकिन अब इस खबर की सच्चाई सामने आई है। पश्चिम बंगाल के राणाघाट स्थित आमरा शोबाई शैतान क्लब (Amra Shobai Shoitan Club) के सदस्य विक्की बिश्वास ने इसका खुलासा किया है। एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए विक्की ने बताया कि 'हमारे क्लब के दो सदस्यों ने रानू का वीडियो राणाघाट स्टेशन पर शूट किया था जो वायरल हो गया। तब से हम लगातार उनका ध्यान रख रहे हैं और उनसे संपर्क में हैं। हमें अभी तक ऐसा कुछ पता नहीं चला है कि सलमान खान ने 55 लाख का घर दिया है। यह झूठी खबर है जो सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही है।'
यह भी पढ़ें;- क्या सलमान ने रानू मंडल को वाकई दिया 55 लाख का आलीशान घर, करीबी ने बताई सच्चाई