अक्षय कुमार की फिल्म ‘बच्चन पांडे’ की रिलीज 18 मार्च को तय होने से जैसे ही ये साफ हुआ है कि उसके पहले अभी कोई बड़ी हिंदी फिल्म रिलीज नहीं होने वाली, दक्षिण भारत की हाल के दिनों में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्मों के निर्माताओँ ने इस मौके का फायदा उठाने की योजना बना ली है। अगले हफ्ते बुधवार को रिलीज होने जा रही अभिनेता अलू अर्जुन की फिल्म ‘अला वैकुंठपुरमुलू’ अगर कामयाब रही तो इसके बाद 18 मार्च से पहले के तमाम शुक्रवारों को भी हिंदी में डब कई दक्षिण भारतीय फिल्में रिलीज होने को तैयार हैं। इनमें सबसे आगे हैं ‘पुष्पा पार्ट वन’ के निर्देशक सुकुमार की फिल्म ‘रंगस्थलम’ जिसमें राम चरण और समांथा लीड किरदारों में हैं।
Rangsthalam Hindi: राम चरण की हिंदी भाषी क्षेत्रों में पैर जमाने की नई कोशिश, प्रियंका के साथ इस फिल्म में रहे फ्लॉप
‘अमर उजाला’ से बातें करते हुए हाल ही में संगीतकार देवी श्री प्रसाद उर्फ डीएसपी ने फिल्म ‘रंगस्थलम’ की काफी तारीफ की। देवी श्री प्रसाद कहते हैं, ‘निर्देशक सुकुमार की सारी फिल्मों में मैंने संगीत दिया है। उनकी पहली फिल्म ‘आर्या’ से मैंने उनकी फिल्मों में संगीत देना शुरू किया। ‘आर्या 2’ में साथ काम किया। उसी फिल्म का वो गाना ‘रिंग रिंगा’ था जो मैंने सलमान भाई के लिए ‘ढिंग चिका ढिंगा चिका’ करके बनाया। सुकुमार सर की खासियत ये है कि वह जो भी सोचते हैं वह बेसिक आइडिया ही बिल्कुल अलग होता है। अगर स्टोरी अलग होगी तो काम भी अलग होगा। जैसे हमने फिल्म ‘रंगस्थलम’ की। सुकुमार, मैं और राम चरण थे उसमें। मैं हमेशा से कुछ फोक बेस्ड करना चाहता था। एक आउट एंड आउट फोक बेस्ड मूवी और मेरी ये इच्छा ‘रंगस्थलम’ में पूरी हुई और ये उस साल की बहुत बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म रही।’
निर्देशक सुकुमार की यही फिल्म ‘रंगस्थलम’ अब अगले महीने हिंदी में डब होकर सिनेमाघरों में रिलीज होने की तैयारी में हैं। हिंदी सिनेमा के तमाम निर्देशक जब ओटीटी में अपनी सुरक्षित जगह देख रहे हैं, दक्षिण भारतीय निर्माताओं को अपनी सुपरहिट फिल्मों को हिंदी में डब करके रिलीज करने में एक नया बाजार दिखने लगा है। फिल्म ‘अला वैकुंठपुरमुलू’ के मंगलवार को रिलीज हुए टीजर को मिली कामयाबी के बाद अब इसका हिंदी ट्रेलर गुरुवार को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रहा है। चर्चा ये भी है कि शायद इस फिल्म का नाम हिंदी में अलग रखा जाए। वैसे कार्तिक आर्यन और कृति सैनन फिल्म ‘अला वैकुंठपुरमुलू’ की ‘शहजादा’ नाम से बन रही रीमेक में इन दिनों काम कर रहे हैं।
दक्षिण भारतीय फिल्म निर्माताओं को ये भी समझ आया है कि अपनी मसाला फिल्मों के हिंदी रीमेक अधिकार औने पौने दामों पर हिंदी फिल्म निर्माताओं को भेजने से अच्छा है कि वे अपनी फिल्मों को हिंदी में डब कराकर मूल फिल्म के साथ ही पूरे देश में रिलीज करें। कमल हासन ने बरसों पहले फिल्म ‘इंडियन’ को हिंदी में डब करके ‘हिंदुस्तानी’ नाम से रिलीज किया था। उसके पहले यही प्रयोग मणिरत्नम अपनी फिल्म ‘बॉम्बे’ के साथ कर चुके हैं, लेकिन इन दोनों फिल्मों के बाद ये सिलसिला धीमा पड़ गया। अब जाकर अल्लू अर्जुन ने अपनी फिल्म ‘पुष्पा पार्ट वन’ से इसे फिर से रफ्तार दी है और समझा जा रहा है कि साल 2022 इस मामले में निर्णायक साल साबित होगा।