अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने अपने अभिनय करियर में कई तरह की चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं निभाईं हैं। करियर के शुरुआती दौर में फिल्म 'क्या कहना' में सिंगल मदर की भूमिका निभाकर उस दौर की अभिनेत्रियों के बीच एक मिसाल बनकर उभरी। प्रीति जिंटा ने ज्यादातर फिल्मों में ऐसे किरदार निभाए हैं जो समय के बदलाव के साथ बदलती सामाजिक स्थिति को दर्शाते हैं। उन्होंने अपरंपरागत स्क्रीन व्यक्तित्व के साथ भारतीय सिनेमा की नायिकाओं की अवधारणा में बदलाव को पेश किया है। 31 जनवरी 1975 को शिमला में जन्मी प्रीति जिंटा आज अपना 49 वां जन्मदिन मना रही हैं। उनके जन्मदिन पर आइए जानते हैं, उनके साथी कलाकारों का उनके बारे मे क्या कहना है...
Preity Zinta Birthday: सलमान खान ने जब प्रीति को माना था परफेक्ट वाइफ मटीरियल, बिग बी बोले...
काम के प्रति ईमानदार: अमिताभ बच्चन
भारतीय सिनेमा के महानायक नए कलाकारों को काफी प्रोत्साहित करते रहते हैं। प्रीति जिंटा ने अमिताभ बच्चन के साथ 'लक्ष्य', 'झूम बराबर झूम', 'कभी अलविदा ना कहना' जैसी कई फिल्मों में काम किया है। प्रीति जिंटा के बारे में वह कहते हैं, 'एक अकेली लड़की ने बिना किसी सपोर्ट के इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। वह अपने काम के प्रति ईमानदार हैं, उनकी इच्छाशक्ति और साहस की जितनी भी प्रशंसा की जाए कम है।'
'संघर्ष' में प्रीति को प्रशंसा मिली: तनुजा चंद्रा
तनुजा चंद्रा की फिल्म 'संघर्ष' में पहले प्रीति जिंटा वाली भूमिका करिश्मा कपूर निभाने वाली थी। करिश्मा कपूर ने यह फिल्म छोड़ी तो फिल्म प्रीति जिंटा के पास आ गई। तनुजा चंद्रा कहती हैं, 'करिश्मा कपूर को कुछ कलाकारों के साथ फिल्म में काम करने की आपत्ति थी, इसलिए उन्होंने फिल्म छोड़ दी और उनकी जगह हमने प्रीति जिंटा का चयन किया। फिल्म में प्रीति को बहुत प्यार और प्रशंसा मिली।'
हमारे बीच कभी दोस्ती नहीं थी: रानी मुखर्जी
अभिनेत्री प्रीति जिंटा और रानी मुखर्जी एक साथ 'हर दिल जो प्यार करेगा', 'चोरी चोरी चुपके' और 'वीर जारा' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुकी है। प्रीति जिंटा के बारे में रानी मुखर्जी कहती हैं, 'ईमानदारी के साथ कहूं तो हमारे बीच कभी दोस्ती नहीं थी। काम के दौरान हमारे बीच अच्छा वर्किंग रिलेशनशिप था। जब हम साथ काम करते थे तो बहुत अच्छे से मिलते थे। खास करके 'चोरी चोरी चुपके चुपके' और 'हर दिल जो प्यार करेगा' की शूटिंग के दौरान।'
साथ बिताया वक्त हमेशा याद रहेगा: माधुरी दीक्षित
अभिनेत्री माधुरी दीक्षित ने प्रीति जिंटा के साथ फिल्म 'ये रास्ते हैं प्यार के' में काम किया था। इस फिल्म में अजय देवगन और सनी देओल की प्रमुख भूमिकाएं थी। इस फिल्म में प्रीति जिंटा के साथ काम करने के अपने अनुभव को साझा करते हुए अभिनेत्री माधुरी दीक्षित कहती हैं, 'प्रीति के साथ बिताया वक्त और मस्ती की याद हमेशा रहेगी, जो फिल्म 'ये रास्ते हैं प्यार के' दौरान की थी। वह एनर्जी से भरपूर हैं और हमेशा मुस्कुराती रहती हैं।'