कॉरियोग्राफर से निर्देशक बने प्रभुदेवा ने बॉलीवुड के
'दबंग खान' यानि सलमान खान को लेकर बड़ी बात कही है। उन्होंने सलमान की तुलना सुपरस्टार रजनीकांत से की है। पता हो कि सलमान और प्रभु एक बार फिर से साथ काम करते नजर आएंगे।
हाल ही में सलमान खान की अपकमिंग फिल्म 'दबंग-3' को लेकर चर्चा काफी जोरों पर थी। 'दबंग-3' के निर्देशन को लेकर सस्पेंस लंबे समय से बरकरार था, लेकिन इस बात से अब पर्दा उठ गया है। 'दबंग-3' का निर्देशन प्रभुदेवा कर रहे हैं।
पता हो कि 'दबंग' फिल्म की दोनों सीरीज का निर्देशन अरबाज खान ने किया था। प्रभुदेवा ने 'दबंग-3' और सलमान के बारे में बात करते हुए कहा है कि सलमान के साथ मैंने फिल्म 'वांटेड' में काम किया था। उन्होंने कहा कि वह नेचर से काफी अच्छे इंसान हैं। इतना ही नहीं प्रभुदेवा ने कहा कि सलमान 52 साल की उम्र में भी काफी फिट हैं। उनका स्टाइल भी एकदम अलग है। सलमान बिल्कुल रजनीकांत की तरह हैं।
बता दें कि, प्रभुदेवा ने साल 2009 में सलमान खान को फिल्म 'वांटेड' में डायरेक्ट किया था और उसी फिल्म के बाद से सलमान खान की किस्मत ने ऐसी करवट ली कि उसके बाद से वह सफलता की सीढ़ी चढ़ते ही गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'दबंग 3' की शूटिंग मई में शुरू होगी जबकि अक्टूबर तक फिल्म को खत्म करने का प्लान है।