इन दिनों डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर की अपकमिंग फिल्म 'पानीपत' काफी सुर्खियों में हैं। इस में एक्टर अर्जुन कपूर और संजय दत्त की जोड़ी नजर आएगी। इस फिल्म का पोस्टर काफी पहले रिलीज किया जा चुका है, जिसे दर्शकों ने पसंद भी किया। अब 'पानीपत' को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है।
दरअसल फिल्म के डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर ने 'पानीपत' को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा है कि इस फिल्म की शूटिंग इस नवंबर के शुरू कर दी जाएगी। आशुतोष गोवारिकर ने यह बात ट्वीट के जरिए कही। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि संजय दत्त, अर्जुन कपूर और कृति सेनन अभिनित फिल्म 'पानीपत' की शूटिंग नवंबर में शुरू होगी।
'मोहनजोदड़ो' के डायरेक्टर आशुतोष गोवारिकर की फिल्म यह फिल्म पानीपत के तीसरे युद्ध पर आधारित है। बता दें, पानीपत का तीसरा युद्ध 14 जनवरी, 1761 ई. को अफगान आक्रमणकारी अहमदशाह अब्दाली और मुगल बादशाह शाहआलम द्वितीय के संरक्षक और सहायक मराठों के बीच लड़ा गया था।
यह पहला मौका होगा जब अर्जुन कपूर, कृति सेनन और संजय दत्त किसी फिल्म में एक साथ दिखेंगे। रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म में अर्जुन कपूर एक मराठा योद्धा की भूमिका निभाएंगे तो वहीं संजय दत्त का रोल भी बेहद अहम रहने वाला है। यह फिल्म 6 दिसंबर 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।