कांग्रेस के पूर्व सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे नीलेश राणे ने आरोप लगाया है कि शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे बॉलिवुड गायक सोनू निगम को मारना चाहते थे। अब इस मामले में सिंगर सोनू का रिएक्शन सामने आया है।
दरअसल पत्रकारों ने जब सोनू निगम से पूर्व सांसद निलेश राणे के उस बयान के बारे में पूछा, जिसमें उन्होंने कहा था कि बाल ठाकरे ने उनकी हत्या की साजिश रची थी। हालांकि ये सवाल सुनकर सोनू ने कोई जवाब नहीं दिया, बल्कि वे अजीब तरह से रिएक्ट करने लगे। फिर कोई समझ ही नहीं पाया कि उनका जवाब हां है या ना या फिर वो कुछ कहना चाहते हैं।
बता दें रत्नागिरी में प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीलेश ने आरोप लगाया कि बालासाहेब ने सोनू निगम की हत्या की साजिश रची थी। नीलेश का यह भी आरोप था कि बाल ठाकरे ठाणे से शिवसेना के लोकप्रिय नेता आनंद दिघे की हत्या के लिए भी जिम्मेदार थे।
नीलेश ने आपने आरोपों के लिए कोई सबूत तो पेश नहीं किया मगर कहा कि बालासाहेब ने सोनू निगम को जान से मारने के आदेश दिए थे। यहां तक कि सोनू भी यह बात जानते हैं। उन्होंने कहा कि मुझे यह बताने के लिए मजबूर मत कीजिये कि सोनू निगम और बालासाहेब के परिवार के बीच क्या संबंध थे। दिघे की मौत पर सवाल उठाते हुए नीलेश ने कहा कि दो अन्य शिवसैनिक दिघे की मौत से नाखुश थे, उन्हें भी मार दिया गया।
यकीनन सोनू ने इस पर कुछ बयान दिया होता तो सुर्खियों में जरूर आ गया होता क्योंकि सोनू अपने गानों से ज्यादा अपने बयान के लिए चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था- भारत में गायकों के साथ बहुत गलत होता है। यहां म्यूजिक कंपनियां भारतीय गायकों से पैसे लेती हैं जबकि पाकिस्तानी गायकों के साथ ऐसा नहीं होता है। काश उनका जन्म भारत में न होकर पाकिस्तान में होता तो अच्छा होता।