बिंदिया चमकेगी, जय जय शिवशंकर, आज कल तेरे मेरे प्यार के चर्चे और ये रेशमी जुल्फे गानों में अपने अंदाज से बॉलीवुड एक्ट्रेस मुमताज ने सभी का दिल लूट लिया था। मुमताज हिंदी सिनेमाजगत की ऐसी एक्ट्रेस हैं जिन्होंने बॉलीवुड के सभी सुपरहिट हीरो के साथ काम किया है। फिर चाहे वह राजेश खन्ना हो, शम्मी कपूर हो, जितेंद्र हो, धर्मेंद्र हो या फिर देव आनंद। मुमताज 31 जुलाई को अपना 71वां जन्मदिन मनाएंगी। तो चलिए इस खास मौके पर हम आपको उनकी जिंदगी से जुड़े कुछ अनसुने किस्से बताते हैं।
मुमताज का बचपन काफी तकलीफों भरा रहा। मुमताज के पिता अब्दुल सलीम अस्करी और मां शादी हबीब अगहा ईरान में रहते थे। कहा जाता है मुमताज के जन्म के महज एक साल बाद ही इनके पेरेंट्स ने तलाक ले लिया था।
पति से तलाक लेने के बाद मुमताज की मां अपनी नानी के यहां रहने लगी थी। आर्थिक तंगी की वजह से मुमताज और उनकी बहन मलाइका ने फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का फैसला किया था ताकि वह अपने परिवार की मदद कर सकें।
बतौर चाइल्ड एक्टर मुमताज ने 1952 में आई फिल्म 'संस्कार' में काम किया था। इसके बाद मुमताज ने कई सारी फिल्मों में काम किया जिसमें यैस्मिन, लाजवंती, सोने की चिड़िया फिल्में शामिल हैं।
इसके बाद मुमताज ने दारा सिंह के साथ बतौर लीड एक्टर 'फौलाद' फिल्म में काम किया था। यह फिल्म साल 1963 में रिलीज हुई थी। एक इंटरव्यू के दौरान मुमताज ने कहा था- 'दारा सिंह के साथ स्क्रीन शेयर करने के बाद मेरे पास फिल्मों की लाइन लग गई थी। मैं उनकी हमेशा आभारी रहूंगी।'