बांग्ला फिल्मों की मशहूर डायरेक्टर और एक्ट्रेस अपर्णा सेन की बेटी कोंकणा सेन शर्मा बॉलीवुड में अलग तरह की फिल्में करने के लिए जानी जाती हैं । उन्होंने कई फिल्मों में अपनी शानदार एक्टिंग से नेशनल अवॉर्ड हासिल किया है। आज कोंकणा सेन शर्मा का जन्मदिन है।
आइए इस अवसर पर जानते हैं उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी कुछ ऐसी बातें जिनके बारे में बहुत कम लोगों को पता है। कोंकणा मशहूर पत्रकार और साइंस राइटर मुकुल शर्मा की बेटी हैं। उन्होंने कोलकाता के कलकत्ता इंटरनेशनल स्कूल और सेंट स्टीफेन कॉलेज से पढ़ाई की है।
उन्होंने साल 1983 की बंगाली फिल्म 'इंदिरा' से चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में फिल्मों में काम करना शुरू किया। कोंकणा ने अपनी मां अपर्णा के डायरेक्शन में इंग्लिश भाषा की फिल्म 'Mr. and Mrs. Iyer' में काम किया और उस फिल्म के लिए कोंकणा को बेस्ट एक्ट्रेस के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला।
इतना ही नहीं साल 2005 में कोंकणा ने मधुर भंडारकर की फिल्म 'पेज 3' में एक पत्रकार का किरदार निभाया था । इस फिल्म को नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया था। कोंकणा की निजी जिंदगी के बारे में बात करें तो सितंबर 2010 को उन्होंने अपने ब्वॉयफ्रेंड रणवीर शोरे से एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी की थी।
खबरों की मानें तो कोंकणा शादी से पहले ही मां बन गई थीं । इसी वजह से उन्होंने चुपचाप शादी कर ली थी । शादी के कुछ समय बाद दोनों के माता-पिता बनने की खबर आई थी। 15 मार्च, 2011 को कोंकणा ने बेटे को जन्म दिया जबकि उनकी शादी सितंबर 2010 में हुई थी।