संजय लीला भंसाली बॉलीवुड के उन निर्देशक और निर्माताओं में से एक हैं जिन्होंने कई एक्टर-एक्ट्रेस को एक नई पहचान दी। एक्टर रणबीर कपूर और एक्ट्रेस सोनम कपूर ने उन्हीं की फिल्म 'सांवरिया' से अपने फिल्मीं करियर की शुरुआत की है। उनकी यह फिल्म साल 2007 में आई थी। इन दोनों स्टार डेब्यू के बाद अब संजय लीला भंसाली एक और डेब्यू जोड़ी के साथ परदे पर नजर आने वाले हैं।
मीडिया में चल रही खबरों की मानें तो संजय लीला भंसाली इन दिनों सुपरहिट एक्ट्रेस पूनम ढिल्लों के बेटे अनमोल ठकारिया के साथ अपने अगले प्रोजेक्ट की तैयारी में लगे हुए हैं। भंसाली के इस प्रोजेक्ट में अनमोल ठकारिया के साथ पूर्व मिस इंडिया मॉडल झटेलका मल्होत्रा (Jhataleka Malhotra) नजर आएंगी। अनमोल और झटेलका की यह डेब्यू फिल्म होगी।
उनकी इस फिल्म का अभी कोई नाम तय नहीं हुआ है। खबर है कि इन दिनों संजय लीला भंसाली अनमोल और झटेलका के साथ लंदन में फिल्म का गाना शूट कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि भंसली की यह फिल्म चार किरदारों पर आधारित होगी। अनमोल और झटेलका के किरदार का नाम वरुण और सिया होगा।
लंदन में गाना शूट करने के बाद भंसाली की पूरी टीम 33 दिन का शूट पूरा करेगी। इसके बाद संजय लीला भंसाली की पूरी टीम मुंबई में बाकी शेड्यूल पूरा करेगी। आपको बता दें कि संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित आखिरी फिल्म 'पद्मावत' थी। यह फिल्म दर्शकों को काफी पसंद आई थी।