साउथ सुपरस्टार विजय ने अपने साल की शुरुआत दर्शकों को एक एक्शन एंटरटेनर फिल्म तोहफे में देकर की थी। जी हां, इस साल पोंगल के अवसर पर रिलीज हुई विजय की 'वारिसु' को दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया। 'वारिसु' की अपार सफलता के बाद अब विजय अपनी अगली फिल्म 'लियो' की शूटिंग में व्यस्त हो गए हैं। जहां यह फिल्म दक्षिण भारतीय प्रशंसकों के लिए खास है, वहीं हिंदी पट्टी के दर्शकों के लिए भी यह बेहद खास होने वाली है। कैसे?? तो बता दें, 'लियो' में संजू बाबा यानी संजय दत्त खलनायक के रूप में विजय को टक्कर देते दिखाई देने वाले हैं। जहां इस खबर का एलान पहले ही हो चुका है, वहीं अब संजय दत्त फिल्म की शूटिंग करने पहुंच गए हैं। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Sanjay Dutt: अधीरा के बाद संजय दत्त फिर बनेंगे 'खलनायक', थलपति विजय ने गले लगाकर किया 'लियो' के सेट पर स्वागत
कैंसर से जिंदगी की जंग जीतने के बाद संजय दत्त फिल्मों में वापसी कर रहे हैं। जहां 'केजीएफ 2' में संजू बाबा ने अधीरा बन रॉकी भाई को कड़ी टक्कर दी थी, वहीं अब एक्टर थलापति विजय को स्क्रीन पर अपना खूंखार रूप दिखाने वाले है। पिछले काफी दिनों से अपने रोल के लिए कड़ी मेहनत कर रहे संजय दत्त अब इसके लिए पूरी तरह से तैयार हो गए हैं और अभिनेता 'लियो' की शूटिंग करने सेट पर पहुंच गए हैं। जी हां, संजय दत्त ने निर्देशक लोकेश कनगराज की फिल्म 'लियो' की स्टार कास्ट को शूटिंग के लिए ज्वाइन कर लिया है। इस बात की जानकारी खुद मेकर्स ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो साझा करके दी है, जिसमें सेट पर संजू बाबा का स्वागत किया जा रहा है।
संजय दत्त का चेन्नई हवाई अड्डे पर फूलों के गुलदस्ते से स्वागत किया गया, जिसके बाद उन्होंने विजय और लोकेश से मुलाकात की। फिल्म के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर वीडियो साझा किया गया और मेकर्स ने लिखा, 'रेड कार्पेट रोल आउट करें, संजय दत्त सर स्क्रीन पर आग लगाने की स्टाइल में पहुंचे हैं। आपने एक्सक्लूसिव वीडियो के लिए कहा, हमने आपकी गुजारिश को सुना।' वीडियो में विजय, संजय दत्त को गले लगाते भी नजर आ रहे हैं। आपको बता दें, संजय दत्त और थलापति विजय के बीच फिल्म में धमाकेदार टक्कर देखने को मिलेगी।
गौरतलब, पिछले काफी समय से 'लियो' की शूटिंग कश्मीर में चल रही है। निर्देशक लोकेश और विजय, लियो की बाकी यूनिट के साथ हाल ही में फिल्म के एक लंबे शेड्यूल की शूटिंग करने के लिए कश्मीर गए हैं। सेट से एक वीडियो सोशल मीडिया पर लीक भी गई थी, जिसमें विजय को सफेद शर्ट और काली पैंट में देखा गया था। डायरेक्टर लोकेश वीडियो बनाने वाले शख्स की ओर हाथ हिलाकर रिकॉर्डिंग बंद करने के लिए भी कह रहे थे।
Roll out the red carpet 🥳@duttsanjay sir has arrived in style to set the screen on fire 🔥
Exclusive video venum nu keteengalame, engaluku keturchu 💣#Thalapathy @actorvijay sir @Dir_Lokesh @trishtrashers @anirudhofficial @Jagadishbliss#LEO 🔥 pic.twitter.com/A0Ea1dqZVj
संजय दत्त के वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेता आखिरी बार यश स्टारर ब्लॉकबस्टर फिल्म 'केजीएफ 2' में नजर आए थे। इस फिल्म में उन्होंने अधीरा का किरदार निभाया था। कमाल की बात यह है कि फैंस को संजू बाबा का यह विलेन का अवतार खूब पसंद आया था। अब संजय दत्त निर्देशक लोकेश कनगराज की फिल्म 'लियो' में भी विलेन के अवतार में नजर आने वाले हैं। फिल्म में विजय और संजय दत्त के अलावा तृषा कृष्णन मुख्य किरदार निभाती दिखेंगी।