स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने जीवन के हर भाव के गीत गाए। जीवन का कैसा भी उत्सव हो, लता का कोई न कोई गीत मिल ही जाएगा। शोखियों से लेकर शरारतों तक, प्रेम से लेकर विरह तक और वैराग्य से लेकर भजन तक सब उनके गानों में समाहित है। लेकिन, कितने गाने? लता मंगेशकर ने अपने गायन करियर में कुल कितने गाने गाए, इस पर संगीत प्रेमियों, लता मंगेशकर के प्रशंसकों और फिल्म जगत से दशकों से जुड़े रहे पत्रकारों में एक नई बहस शुरू हो चुकी है। मुंबई के सबसे बड़े फिल्म पत्रकार समूह ‘चेम्बर ऑफ फिल्म जर्नलिस्ट्स’ में बीते तीन दिन से इस पर शोध और चर्चा चल रही है। इस बारे में ‘अमर उजाला’ से भी तमाम लोगों ने संपर्क किया और विकीपीडिया पर मौजूद उनके गानो की संख्या की तस्दीक करने का अनुरोध किया। विकीपीडिया ने इस संख्या पर छिड़े विवाद के बाद लता मंगेशकर के पेज से उनके गाए गानों की वह संख्या हटा दी है, जिसे लता के निधन के अगले दिन तमाम अखबारों ने अपने पहले पन्नों पर जगह दी।
2 of 6
लता मंगेशकर
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
शुरूआत वहां से करते हैं जहां से ये विवाद शुरू हुआ। बात 1974 की है, जब गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने लता मंगेशकर को ऐसे गायक के रूप में मान्यता देने का एलान किया जिसके पास दुनिया में सबसे ज्यादा 25 हजार गाने रिकॉर्ड करने का रिकॉर्ड है। मोहम्मद रफी से उनकी रॉयल्टी के मसले को लेकर उन दिनों ठनी हुई थी। रफी ने इस दावे के मुकाबले अपना दावा पेश कर दिया कि मैंने 28 हजार गाने गाए हैं। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने विवाद खड़ा होने पर दोनों पक्षों से अपने गानों की सूची पेश करन को कहा। चार पांच साल तक पत्राचार चलता रहा और जब दोनों पक्ष अपने अपने दावों के समर्थन में सबूत पेश करने से चूक गए तो ये प्रविष्टि किताब से हटा दी गई। साल 2011 में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में आशा भोसले का नाम सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड कराने वाली गायिका के तौर पर जब दर्ज हुआ तो उनके गानों की संख्या रही, 11 हजार। अब ये रिकॉर्ड दक्षिण भारतीय गायिका सुशीला पुलापका के नाम है 17 हजार के ऊपर गाने रिकॉर्ड करने का।
3 of 6
गंधार स्वर यात्रा किताब की कवर फोटो
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
लौटकर फिर लता मंगेशकर पर आते हैं। विश्वास नेरूरकर नामक एक बहुत ही वरिष्ठ व चर्चित शोधार्थी है जिन्होंने हिंदी सिनेमा के तमाम दिग्गज गायकों मोहम्मद रफी, मुकेश और लता मंगेशकर आदि के गानों का संकलन किया है। विश्वास नेरूरकर का गीत-संग्रह ‘लता मंगेशकर: गंधार स्वर यात्रा’ के रूप में प्रकाशित हुआ और इसमें उन्होंने 1945 से लेकर 1989 के बीच गाए लता मंगेशकर के गानों का संग्रह किया। इस संकलन में यह संख्या 5066 बताई जाती है। उसके बाद से नए और खोजे गए पुराने गानों की संख्या बढ़कर उनके करीबियों के मुताबिक 5328 ही हो सकी है।
4 of 6
लता समग्र किताब की कवर फोटो
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
सुमन चौरसिया की किताब ‘लता समग्र’ में भी लता मंगेशकर के 2014 तक गाए गानों की सूची है। इस किताब के मुताबिक लता मंगेशकर ने जो गाने गाए उनमें हिंदी फिल्मी गाने 5328, गैर फिल्मी गाने 198, अप्रकाशित गाने 127, मराठी 405, बंगाली 206, संस्कृत 24, गुजराती 48, पंजाबी 69, दूसरों के गाए गानों के संस्करण 38 और अन्य 48 शामिल हैं। इन गानों की कुल संख्या 6550 बताई जाती है। सोशल मीडिया पर भी इन किताबों के उदाहरण देकर खूब चर्चाएं हो रही हैं। लेकिन, एक किताब में गानों की संख्या पांच हजार के करीब और दूसरी किताब में लता मंगेशकर के गानों की संख्या सात हजार के करीब तो फिर ये 30 हजार या उससे ऊपर के गानों की संख्या आई कहां से? इस बारे में हमने विश्व प्रसिद्ध उद्घोषक हरीश भिमानी से बात की।
5 of 6
इन सर्च ऑफ लता मंगेशकर किताब की कवर फोटो
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
लता मंगेशकर पर शोध करने वालों में एक प्रमुख नाम आवाज की दुनिया की मशहूर हस्ती हरीश भिमानी का भी रहा है। हरीश भिमानी ने लता मंगेशकर के साथ 21 देशों के 53 शहरों में 123 शोज की यादें अपनी पुस्तक ‘इन सर्च ऑफ लता मंगेशकर’ में संजोई हैं। वह कहते हैं, ‘लता जी ने कभी नहीं माना कि उन्होंने 30 हजार या 40 हजार गाने गाए। कोई उनसे कहता भी तो वह मना कर देतीं कि ये आपका बड़प्पन है, ऐसा कुछ है नहीं। तमाम लोगों ने लता जी के गानों पर शोध किए हैं। मैंने जो लता जी के साथ रहते हुए आंकलन किया उसके हिसाब से उनके गाए गानों की कुल संख्या 8226 है।’ यह संख्या हरीश भिमानी कई जगहों पर उद्धृत भी कर चुके हैं और लता मंगेशकर के साथ तमाम कार्यक्रमों के लिए बरसों सफर करते रहने के कारण उनकी यह संख्या ही प्रामाणिक भी मानी जाती है। उनकी लिखी इस किताब का अगला संस्करण भी जल्द प्रकाशित होने वाला है, जिसमें वह अपनी कुछ और यादें पुस्तक में संजोने वाले हैं।