सिंगर केके की आवाज ऐसी है कि हर किसी के दिल को छू जाती है। केके का जन्म 23 अगस्त 1970 को केरल के त्रिशूर में हुआ था। केके ने हिंदी के अलावा तेलुगू, मलयालम, कन्नड़ और तमिल गानों के लिए अपनी आवाज दी है। बहुत ही कम लोगों को पता है कि उनका पूरा नाम कृष्णकुमार कुन्नत है।
दिल्ली के रहने वाले केके को गाने का शौक बचपन से था। महज दूसरी क्लास में उन्होंने स्टेज परफॉर्मेंस दी थी। सिंगर बनने से पहले केके ने सेल्समैन का भी काम किया है। दरअसल अपने बचपन के प्यार ज्योति कृष्णा से शादी करने के लिए उन्हें काम करना था, जिसके लिए उन्होंने 6 महीने तक यह नौकरी की थी।
जल्द ही केके को लगने लगा कि यह काम उनके लिए नहीं है। पत्नी और परिवार के सहयोग से उन्होंने सिंगर शिबानी कश्यप के साथ जिंगल्स गाना शुरू किया। केके ने करीब 3000 हजार से ज्यादा जिंगल्स गाए हैं। म्यूजिक कंपोजर और डायरेक्टर विशाल भारद्वाज ने उन्हें बॉलीवुड में सबसे पहले मौका दिया।
केके को पहचान मिली 1999 में आई संजय लीला भंसाली की फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' के गाने 'तड़प तड़प के' से। जिसमें यह गाना सलमान खान पर फिल्माया गया था। इसी साल उनकी एलबम भी रिलीज हुई। इसके गाने 'याद आएंगे वो पल' आज भी कॉलेज फंक्शन में गाया जाने वाला सबसे लोकप्रिय गाना है।
केके कोई भी गाना गाने से पहले उसके लिरिक्स को लेकर काफी सतर्क रहते हैं। एक किस्सा शेयर करते हुए केके ने बताया था कि एक बार एक नए संगीतकार ने गाना गाने के लिए बुलाया। अचानक मुझे लगा कि ये कैसे बोल हैं और मैं बीच में गाना छोड़कर चला गया। बाद में फोन आया कि गाने के बोल बदल दिए गए हैं। केके आगे बताते हैं कि अब शायद लोगों को पता है कि मैं ऐसे गाने नहीं गाता।