यशराज बैनर की फिल्म 'ठग्स ऑफ हिंदोस्तान' में आमिर खान और अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर कर रही कटरीना कैफ इन दिनों अपनी को-स्टार फातिमा सना शेख से नाराज चल रही हैं। खबरों की मानें तो कटरीना कैफ को आमिर खान और फातिमा सना शेख की दोस्ती से प्रॉब्लम है।
आमिर खान की इस फिल्म में फीमेल लीड के तौर पर कटरीना कैफ और फातिमा सना शेख नजर आएंगी। फातिमा इससे पहले आमिर खान के साथ 'दंगल' में नजर आई थीं। फिल्म ब्लॉकबस्टर रही। इसमें फातिमा ने आमिर की बेटी का किरदार निभाया था। फिल्म ‘दंगल’ में फातिमा को कास्ट करने के बाद अब आमिर उनके लिए मानों एक मेंटर की तरह बन गए हैं जो उन्हें उनके फिल्मी करियर को चमकाने में मदद कर रहे हैं।
डेक्कन क्रोनिकल की खबर के मुताबिक कटरीना को डर है कि धूम 3 की तरह इस बार भी उनके रोल में कैंची चल सकती है। कटरीना आदित्य चोपड़ा और यश राज फिल्म के साथ अपने अच्छे संबंधों के चलते इस फिल्म से जुड़ी हैं लेकिन, आमिर और फातिमा की दोस्ती के चलते उन्हें रोल छोटे होने का डर सता रहा है।
इस मामले में कटरीना ने प्रोड्यूसर आदित्य चोपड़ा से बात की है। उन्होंने आश्वसन दिया है कि उनका रोल छोटा नहीं किया जाएगा। वहीं जूम टीवी की खबर के मुताबिक फिल्म में एक ड्रीम सीक्वेंस है। इस सीन में आमिर खान को फातिमा सना शेख को किस करना है। अब देखना यह होगा कि आमिर स्क्रिप्ट की डिमांड पर खरे उतरते हैं ये नहीं।
इस फिल्म को लेकर पहले भी खबर आई थी कि फातिमा सना शेख फिल्म में लीड किरदार निभा रही हैं जबकि कटरीना कैफ सिर्फ कुछ गानों के लिए फिल्म में आयेंगी। ठग्स ऑफ हिंदोस्तान में आमिर, कटरीना और विजय कृष्ण आचार्य एक बार फिर से काम करेंगे। आचार्य इस फिल्म के निर्देशक हैं। इन तीनों ने पहले 'धूम 3' में एक साथ काम किया था।