बॉलीवुड में अपनी रोमांटिक छवि के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता इमरान हाशमी आज अपना 43वां जन्मदिन मना रहे हैं। 2003 से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत करने वाले इमरान आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं, उन्होंने अपने दो दशकों के करियर में बहुत सी हिट फिल्में दीं हैं। 24 मार्च 1979 को एक मुस्लिम परिवार में जन्में इमरान हाशमी ने वैसे तो 'मर्डर', 'वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई' जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया है, लेकिन उन्हें इंडस्ट्री में एक सीरियल किसर के रूप में जाना जाता है। आज उनके जन्मदिन के खास मौके पर हम आपको उनके जीवन से जुड़ी कुछ अनसुने किस्से बताने जा रहे हैं।
Emraan Hashmi: एक्टिंग में नहीं बनाना चाहते थे करियर, पंडित के सुझाव ने बना दिया अभिनेता; जानें इमरान हाशमी से जुडे़ अनसुने किस्से
नहीं बनना चाहते थे अभिनेता
अपने हर रोल को परफैक्शन के साथ पर्दे पर उतारने वाले इमरान हाशमी ने अपनी रोमांटिक छवि से उबरने के लिए कई एक्शन फिल्में भी कीं। अपने इन रोल्स को भी उन्होंने बखूबी निभाया, लेकिन क्या आप जानते हैं ये दमदार एक्टर कभी भी एक्टिंग की इस रंगीन दुनिया में कदम नहीं रखना चाहता था। वह इस फील्ड में अचानक ही आ गए थे।
कैमरे से डरते थे इमरान
कैमरे के सामने हजारों बार दिखाई दे चुके इमरान हाशमी को किसी जमाने में कैमरे से बेहद डर लगता था। एक बातचीत के दौरान इमरान ने बताया था कि 'मुझे कैमरा फेस करने में बहुत डर लगता था।' हालांकि, अपने डर के बावजूद इमरान ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट कई एड में काम किया था, लेकिन उनके मन में लोगों के द्वारा जज किए जाने का खौफ था। इसी डर की वजह से वह यह सोचने पर मजबूर हो गए थे कि क्या अभिनय की दुनिया उनके लिए बनी है यह नहीं।
पंडित जी ने दिया डर भगाने का उपाय
बहुत ही कम लोगों को पता होगा कि इमरान ने अपनी डेब्यू फिल्म में अपना नाम बदलवाया था क्योंकि उन्हें डर था कि लोग उन्हें उनकी फिल्मों से जज करेंगे। अपने इस डर के कारण वह बॉलीवुड में डेब्यू करने से पहले वह एक पंडित के पास गए। उस पंडित ने इमरान को उनका नाम बदलने का सुझाव दिया और कहा कि सब ठीक हो जाएगा।
पहली फिल्म से निकाले गए थे इमरान
इमरान के फैंस को यह पता है कि अभिनेता ने साल 2003 में 'फुटपाथ' से बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, उनके प्रशंसक यह नहीं जानते होंगे कि वह 2001 में ही 'ये जिंदगी का सफर' नाम कि फिल्म से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने वाले थे, लेकिन इस फिल्म से उन्हें मेकर्स ने निकाल दिया था। दो साल बाद उन्हें बड़े पर्दे पर अपने अभिनय का जादू बिखेरने का मौका तो मिला, लेकिन दर्शकों से उन्हें प्यार नहीं मिल पाया और उनकी डेब्यू फिल्म 'फुटपाथ' फ्लॉप रही। यही कारण था कि फिल्म फ्लॉप होने बाद उन्होंने अपने नाम की स्पेलिंग बदल ली थी।