टीवी एक्ट्रेस मौनी रॉय जल्द बॉलीवुड में 'खिलाड़ी कुमार' यानी अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'गोल्ड' से डेब्यू करने वाली हैं। मौनी रॉय अपनी इस फिल्म को लेकर काफी एक्साइटेड भी हैं। मौनी की बाद अब एक और टीवी एक्ट्रेस ने अक्षय कुमार की हीरोईन बनने की इच्छा जाहिर की है।
जी हां 'ये है मोहब्बतें' और 'बनूं मैं तेरी दुल्हन' जैसे टीवी सीरियल में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस दिव्यांका त्रिपाठी ने अक्षय कुमार की हीरोईन और उनकी फिल्म से बॉलीवुड में एंट्री लेने की इच्छा जाहिर की है। इस बात का खुलासा खुद दिव्यांका त्रिपाठी ने एक अखबार से बात करते हुए किया है। उन्होंने बताया कि अगर वह कभी फिल्म करेंगी तो अक्षय कुमार के साथ करना पसंद करेंगी।
दिव्यांका त्रिपाठी ने फिल्मों में अपने काम को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा- 'मुझे एक फिल्म का ऑफर आया था, लेकिन मैं उस समय टीवी में काम कर रही थी। टीवी ने मुझे बहुत कुछ दिया है, इसलिए एक फिल्म की वजह से मैंने रिस्क लेना ठीक नहीं समझा।' लेकिन अब फिल्मों में काम को लेकर दिव्यांका ने कहा है कि वह फिल्मों में चैलेंजिंग रोल करना चाहती हैं।
दिव्यांका त्रिपाठी से जब पूछा गया कि वह बॉलीवुड में किस एक्टर के साथ काम करना पसंद करेंगी तो उन्होंने अक्षय कुमार का नाम बताया। दिव्यांका ने कहा- 'मैं खुद को अक्षय कुमार की हीरोईन के तौर पर देखती हूं। मुझे अक्षय कुमार की सभी फिल्में काफी पसंद हैं। दिव्यांका त्रिपाठी के इस बयान की खूब चर्चा हो रही है।'
आपको बता दें कि मौनी रॉय के अलावा 'कुंमकुम भाग्य' सीरियल की एक्ट्रस मृणाल ठाकुर भी ऋतिक रोशन की अपकमिंग फिल्म 'सुपर 30' से बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। वहीं मौनी रॉय अक्षय कुमार की फिल्म 'गोल्ड' के अलावा रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन स्टारर फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' में भी नजर आएंगी। मौनी की फिल्म 'गोल्ड' इस साल 15 अगस्त को रिलीज होगी।