दिल्ली की सीमाओं पर चल रहे किसान आंदोलन को 40 दिन हो चुके हैं। इस बीच किसान शीतलहर और बारिश का प्रकोप झेलते हुए डटे हुए हैं। चार दिसंबर को किसान नेताओं और सरकार के बीच होने वाली महत्वपूर्ण बैठक से पहले अभिनेता धर्मेंद्र ने खुलकर इस आंदोलन का समर्थन किया है।
किसान आंदोलन के समर्थन में खुलकर सामने आए धर्मेंद्र, बोले- ‘जी जान से अरदास करता हूं’
धर्मेंद्र ने किसानों की एक तस्वीर साझा की है। इसके साथ उन्होंने ट्वीट में लिखा कि- ‘आज, मेरे किसान भाइयों को इंसाफ मिल जाए। जी जान से अरदास करता हूं। हर एक नेक रूह को सुकून मिल जाएगा।‘
Aaj , mere kisaan bhaiyon ko insaaf mil jaye . Ji jaan se Ardaas karta hoon 🙏 Har nek rooh ko sakoon mil jaye ga ...... pic.twitter.com/27VJJLatTr
सोमवार की बैठक पर टिकी निगाहें
पिछले 40 दिनों से चल रहे किसान आंदोलन की नजर अब सोमवार को केंद्र सरकार के साथ होने वाली वार्ता पर टिकी हुई है। वार्ता असफल रही तो निर्णायक आंदोलन किया जाएगा। छह जनवरी से लेकर 26 जनवरी तक के कार्यक्रम को लेकर किसान बैठकों में व्यस्त हैं।
धर्मेंद्र ने किया था ट्वीट
सरकार और किसानों के बीच हुई हर दौर की बातचीत बेनतीजा रही है। इससे पहले धर्मेंद्र ने एक ट्वीट कर कहा, 'मैं अपने किसान भाइयों की पीड़ा देखकर बेहद दुखी हूं। सरकार को इस मामले का जल्द समाधान निकालना चाहिए।'
कुछ दिन पहले भी धर्मेंद्र ने किसान आंदोलन के बारे में एक ट्वीट किया था, इस पर वे सोशल मीडिया पर ट्रोल हो गए थे। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा था, 'सरकार से प्रार्थना है किसान भाइयों की परेशानियों का कोई हल जल्दी तलाश कर लें। कोरोना के केस दिल्ली में बढ़ते जा रहे हैं। ये दुखद है।' हालांकि इस ट्वीट को उन्होंने कुछ देर बाद डिलीट कर दिया था। गौरतलब है कि धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल पंजाब के गुरदासपुर से भाजपा के सांसद हैं जबकि पत्नी हेमा मालिनी मथुरा से भाजपा की सांसद हैं।