वाणी कपूर और भूमि पेडनेकर के रिश्ते भी काफी अच्छे हैं। दोनों ने यश राज की फिल्मों से बॉलीवुड डेब्यू किया। हाल ही में भूमि ने अपना 27वां जन्मदिन वाणी कपूर के साथ सेलिब्रेट किया। तो फिर अचानक ऐसा क्या हो गया कि अब वह वाणी कपूर का फोन नंबर ब्लॉक करना चाहती हैं?
हाल ही में एक इंटरव्यू में भूमि ने यह बात कही है कि वह वाणी का फोन नंबर ब्लॉक करना चाहती हैं। इससे पहले कि आप इस नतीजे पर पहुंचें कि भूमि और वाणी के रिश्तों में खटाज आ गई है, तो आपकी तसल्ली के लिए बता दें कि ऐसा कुछ नहीं है। दोनों के रिश्ते अभी भी ट्रैक पर ही हैं। दरअसल, भूमि के इस बयान के पीछे एक वजह है।
भूमि पेडनेकर और आयुष्मान खुराना हाल ही में एक्ट्रेस नेहा धूपिया के चैट शो 'नो फिल्टर नेहा' में पहुंचे। यहां नेहा ने भूमि से सवाल किया कि अगर उन्हें मौका मिले तो वह किसका फोन नंबर ब्लॉक करना चाहेंगी। इसके जवाब में भूमि ने वाणी कपूर का नाम लिया। जब नेहा ने इसकी वजह पूछी तो भूमि ने बताया कि अगर वह किसी और का नाम लेतीं, तो प्रॉब्लम हो सकती थी, मगर वाणी दोस्त हैं इसलिए वह समझ जाएंगी।
चैट शो पर आयुष्मान खुराना और भूमि पेडनेकर ने खूब हंसी-मजाक किया। इन दोनों की ऑनस्क्रीन जोड़ी ने फिल्म 'दम लगा के हईशा' और 'शुभ मंगल सावधान' में खूब लोकप्रियता बटोरी। भूमि जहां इन दिनों अभिषेक चौबे की फिल्म 'सोन चिरैया' की शूटिंग में व्यस्त हैं, वहीं वाणी कपूर को सिद्धार्थ आंनद ने अपनी अगली फिल्म के लिए कास्ट किया है जिसमें वह ऋतिक रोशन और टाइगर श्रॉफ के साथ काम करेंगी।