देश में लॉकडाउन जारी है और ऐसे में कई लोग घर पर बोर हो रहे हैं। इस दौरान लोग अलग-अलग तरह से अपना समय बिता रहे हैं। इसमें फिल्में देखना भी शामिल है। जी हां, इस लॉकडाउन में सिनेमा के बहुत से शौकीन अपना समय फिल्में देखकर काट रहे हैं। ऐसे में आज हम बॉलीवुड की कुछ शानदार थ्रिलर फिल्मों के बारे में बताने वाले हैं। तो एक नजर बॉलीवुड की थ्रिलर फिल्मों पर...
फिल्म- गुप्त
यह बॉबी देओल की शानदार फिल्मों में से एक है। फिल्म साल 1997 में आई थी। इस फिल्म में बॉबी देओल के साथ अभिनेत्री काजोल, मनीषा कोइराला और राज बब्बर मुख्य भूमिका में थे। फिल्म गुप्त की कहानी एक कत्ल पर आधारित है जिसको छुपाने के लिए कातिल कई खून करता है। क्राइम और थ्रिल से भरपूर गुप्त का निर्देशन राजीव राय ने किया था।
फिल्म- तलवार
यह फिल्म मशहूर मर्डर केस आरुषि हत्याकांड पर आधारित है। इस फिल्म का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया था। आरुषि हत्या कांड पर बनी फिल्म होने के नाते इस फिल्म के हर एक पहलू को थ्रिलर अंदाज में दिखाया गया है। फिल्म में इरफान खान, कोंकणा सेन शर्मा और नीरज काबी जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में हैं।
फिल्म- दृश्यम
अभिनेता अजय देवगन की फिल्म 'दृश्यम' थ्रिल से भरपूर फिल्म है। फिल्म की कहानी एक महिला आईजी के बेटे के कत्ल पर आधारित है। फिल्म में आईजी का किरदार अभिनेत्री तब्बू ने निभाया है। फिल्म 'दृश्यम' में तब्बू और अजय देवगन के अलावा श्रिया सरन और इशिता दत्ता मुख्य भूमिका में थीं। यह फिल्म साल 2015 में आई थी। इस फिल्म का निर्देशन निशिकांत कामत ने किया है।
फिल्म- स्पेशल 26
इस फिल्म का निर्देशन नीरज पांडे ने किया है। फिल्म में अक्षय कुमार के साथ अनुपम खेर, काजल अग्रवाल, जिमी शेरगिल, मनोज बाजपेयी और दिव्या दत्ता जैसे कलाकार मुख्य भूमिका में थे। यह फिल्म आखिरी तक अपने सस्पेंस को बरकरार रखती है। यह फिल्म ठगी पर आधारित है। फिल्म स्पेशल 26 में अक्षय कुमार और अनुपम खेर फर्जी सीबीआई ऑफिसर होते हैं। यह फिल्म साल 2013 में आई थी।