हिंदी सिनेमा का
गब्बर नाम का किरदार तो सभी को याद होगा और होगा भी क्यों नहीं आखिर एक्टर
अमजद खान ने इसे इतने बेहतरीन ढंग से जो निभाया था। इस किरदार के जरिए उन्होंने
फिल्मी पर्दे के विलेन को जो नया रूप दिया वो आज के विलेनों में देखने को नहीं मिलता। तभी तो लोग इतने सालों बाद भी गब्बर के किरदार याद रखते हैं।
अमजद खान ने उस किरदार को इतनी तल्लीनता के साथ निभाया कि लोग उनके असली नाम को भुलाकर उन्हें गब्बर के नाम से ही जानने लगे, लेकिन शायद आप नहीं जानते कि अमजद इस किरदार के लिए पहली पसंद नहीं थे क्योंकि जावेद अख्तर, जिन्होंने सलीम खान के साथ मिलकर फिल्म की कहानी लिखी थी, उन्हें अमजद खान की आवाज गब्बर के किरदार के हिसाब से दमदार नहीं लगी। गब्बर के किरदार के लिए वो डैनी को लेना चाहते थे। लेकिन फिर कुछ ऐसा हुआ कि अमजद खान को इस किरदार के लिए चुना गया और फिर जो इतिहास रचा गया वो आपके सामने है।
अमजद खान की जिंदगी भी काफी रोचक रही। उनकी कुछ ऐसी आदतें थी, ऐसे किस्से थे जो उनके दोस्तों और शूट्स पर काफी मशहूर थे। उनको चाय का बेहद शौक था और रोजाना वो तीस कप चाय तक पी जाते थे और जब उन्हें चाय नहीं मिल पाती थी तो उनके लिए काम करना काफी मुश्किल हो जाता है।
कुछ ऐसा ही किस्सा हुआ था पृथ्वी थियेटर में जब वो एक प्ले की रिहर्सल कर रहे थे। उस दौरान उन्हें चाय नहीं मिली जिससे वो परेशान हो गए। सेट पर जब उन्होंने इस बारे में पूछा तो उन्हें बताया कि दूध खत्म हो गया है। बस फिर क्या था अपनी चाय की तलब मिटाने के लिए उन्होंने अगले दिन सेट पर एक नहीं बल्कि दो भैंसे लाकर बांध दीं और चाय वाले को हिदायत दी कि चाय बनती रहनी चाहिए।
चाय की जितनी लत अमजद खान को थी शायद ही किसी और को रही हो। लेकिन दोस्ती के मामले में भी अमजद खान किसी से पीछे नहीं थे। अमिताभ बच्चन के साथ उनकी गहरी दोस्ती थी। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया जो सुपरहिट रहीं। दिलचस्प बात तो ये है कि जितनी फिल्मों में इन दोनों ने साथ काम किया उनमें से अधिकतर में अमिताभ हीरो रहे तो अमजद विलेन के किरदार में नजर आए।