वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ ने इस दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने 67 साल की उम्र में दिल्ली के अपोलो अस्पताल में आखिरी सांस ली। जानकारी के मुताबिक, उनका निधन शनिवार को दोपहर साढ़े चार बजे हुआ। विनोद दुआ के साथ भारतीय पत्रकारिता के एक युग का भी अंत हो गया। उन्होंने दूरदर्शन और एनडीटीवी जैसे कई समाचार चैनलों को अपनी सेवाएं दी हैं। ऐसे में कई हस्तियां सोशल मीडिया पर उन्हें याद करती नजर आ रही हैं।
विनोद दुआ के निधन के बाद उनकी बेटी मल्लिका ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने अपने पिता को अपना सबसे अच्छा दोस्त बताया है। अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में मल्लिका दुआ ने अपने पिता की एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, ‘आपके जैसा दूसरा कभी नहीं होगा। मेरे पहले और सबसे अच्छे दोस्त। मेरे पापाजी।’
इसके आगे मल्लिका ने लिखा, ‘बहुत कम लोग इतना बड़ा और गौरवशाली जीवन जीते हैं जितना आपने जिया है। आप हमेशा अच्छे समय और चुनौती के लिए तैयार रहे हैं। एक अच्छी लड़ाई पसंद आई है। अपने बच्चों के लिए हमेशा वहां रहे हैं। एक स्व-निर्मित, शेर-दिल जो अपनी अंतिम सांस तक दहाड़ते रहें। आपको किसी बात का डर नहीं था, कम से कम मौत का। दुनिया के सबसे अच्छे पिता होने के लिए धन्यवाद। मुझे यकीन है कि आप और मां रोटी कबाब खा रहे हैं और चर्चा कर रहे हैं कि मल्लिका इतना क्यों लड़ती है और सब कैसे मैनेज करेगी।'
इस पोस्ट में मल्लिका ने अपने पिता को सबसे साहसी, बेपरवाह, दयालु और मजाकिया आदमी भी बताया। मल्लिका ने आगे लिखा कि नबी करीम में पैदा हुआ एक साधारण लड़का जिसने अंत तक पराक्रम और ऊंची पर जिया और जीता। पद्मश्री विनोद दुआ। सबसे कमजोर होने पर भी आपने भारतीय पत्रकारिता को एक ऐतिहासिक निर्णय दिया। किसी भी पत्रकार पर अचानक से देशद्रोह का मुकदमा नहीं चलाया जाएगा क्योंकि विनोद दुआ ने उनके लिए वह लड़ाई लड़ी, जैसा कि उन्होंने हमेशा किया है।’
कॉमेडियन ने आगे लिखा, 'स्वर्ग कमबख्त भाग्यशाली है, क्योंकि उसमें मेरा पूरा जीवन है। हम कभी भय और शोक में नहीं रहेंगे। हम गर्व के साथ रहेंगे। क्योंकि हमें असाधारण माता-पिता मिले। मैं किसी भी चीज के लिए अपने भाग्या का सौदा नहीं करूंगी। इसने मुझे विनोद और चिन्ना दिया। कोई डबल लकी नहीं होता। बहुत उम्दा।'
बता दें कि विनोद दुआ की बेटी मल्लिका दुआ मशहूर कॉमेडियन और एक्ट्रेस हैं, जो सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं। वह अक्सर ट्रोल्स के निशाने पर आती रहती हैं। हालांकि, विनोद दुआ ने हमेशा अपनी बेटी का सपोर्ट किया है लेकिन अब वही उसे अकेला छोड़कर चले गए हैं।