फिल्म ‘आरआरआर’ के निर्माता डीवीवी दानय्या की अगली फिल्म की शूटिंग सितंबर से शुरू होने जा रही है। इस फिल्म के जरिए अभिनेता प्रभास हॉरर कॉमेडी श्रेणी के सिनेमा में एक नया प्रयोग करने जा रहे हैं। फिल्म के निर्देशक मारुति की हालिया फिल्म ‘पक्का कमर्शियल’ के फ्लॉप होने के बाद ये आशंका जताई जा रही थी कि शायद प्रभास निर्देशक मारुति के साथ प्रस्तावित अपनी नई फिल्म की शूटिंग कुछ महीनों के लिए टाल दें लेकिन ताजा सूचनाओं के मुताबिक सर्दियों में शुरू होन वाली फिल्म की शूटिंग अब प्रभास ने उससे पहले ही शुरू कर देने का मन बना लिया है।
2 of 5
पक्का कमर्शियल
- फोटो : सोशल मीडिया
फिल्म निर्देशक मारुति की इस महीने के पहले शुक्रवार को रिलीज फिल्म ‘पक्का कमर्शियल’ ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक कारोबार नहीं किया। फिल्म के सितारों गोपीचंद और राशि खन्ना की केमिस्ट्री भी लोगों को फिल्म में खास पसंद नहीं आई। तेलुगू सिनेमा में इस फिल्म के न चलने से काफी हलचल भी रही। इस फिल्म के फ्लॉप होने के बाद प्रभास के प्रशंसकों ने मारुति को सोशल मीडिया पर काफी भला बुरा कहा और सोशल मीडिया पर इस बात के लिए अभियान भी चलाया कि प्रभास निर्देशक मारुति के साथ बनने वाली अपनी अगली फिल्म की शूटिंग टाल दें।
3 of 5
प्रभास अपकमिंग फिल्म
- फोटो : सोशल मीडिया
निर्देशक मारुति और प्रभास की ये नई फिल्म एक हॉरर कॉमेडी है और इस फिल्म के जरिये प्रभास एक नया प्रयोग भी करना चाह रहे हैं। ‘बाहुबली 2’ के बाद रिलीज हुईं प्रभास की अब तक की दोनों फिल्में ‘साहो’ और ‘राधेश्याम’ बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी हैं। उनकी मेगा बजट बहुभाषीय फिल्म ‘आदिपुरुष’ अगले साल 12 जनवरी को रिलीज होनी है और इन दिनों वह अपनी एक नई फिल्म ‘प्रोजेक्ट के’ की शूटिंग दीपिका पादुकोण के साथ हैदराबाद की रामोजी फिल्म सिटी में कर रहे हैं। फिल्म ‘प्रोजेक्ट के’ को हालिया रिलीज फिल्म ‘केजीएफ 2’ के निर्देशक प्रशांत नील निर्देशित कर रहे हैं।
4 of 5
सालार में अभिनेता प्रभास
- फोटो : social media
‘प्रोजेक्ट के’ की शूटिंग पूरी करने के बाद प्रभास को अपनी एक और निर्माणाधीन फिल्म ‘सालार’ की शूटिंग पूरी करनी है। ये फिल्में अगले साल ‘आदिपुरुष’ की रिलीज के बाद प्रस्तावित हैं। फिल्म ‘प्रोजेक्ट के’ में अमिताभ बच्चन भी एक खास भूमिका निभा रहे हैं। प्रभास की इन फिल्मों के लाइन के मुताबिक उन्हें निर्देशक मारुति की फिल्म ‘राजा डीलक्स’ की शूटिंग ‘प्रोजेक्ट के’ और ‘सालार’ का काम खत्म करने के बाद ही शुरू करनी थी लेकिन अब प्रभास ने इस फिल्म की शूटिंग उससे पहले ही शुरू करने का फैसला कर लिया है।
5 of 5
प्रभास
- फोटो : सोशल मीडिया
जानकारी के मुताबिक प्रभास की फिल्म ‘राजा डीलक्स’ का 10 दिनों का पहला शेड्यूल सितंबर महीने में शुरू होगा। इस फिल्म के लिए अनुष्का शेट्टी और मालविका मोहनन के नाम बतौर हीरोइन पहले ही फाइनल हो चुके हैं। फिल्म ‘राजा डीलक्स’ की शूटिंग प्रीपोन होने से निर्देशक मारुति के करियर को काफी सहारा मिलने की उम्मीदें जताई जा रही हैं। अपने निर्देशकों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहने वाले प्रभास की अगली रिलीज ‘आदिपुरुष’ होगी जिसके थ्रीडी और आईमैक्स इफेक्ट पर काम करने के लिए इसके निर्देशक ओम राउत इन दिनों अमेरिका में डेरा डाले हुए हैं।