रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की असिस्टेंट लोको पॉयलट और तकनीशियन के विभिन्न पदों की भर्ती परीक्षा नौ अगस्त से शुरू हो रही है। कुल 26502 पदों के लिए देश भर में 47.56 लाख युवा अपनी किस्मत आजमाएंगे। यानी की हर एक पद के लिए 179 अभ्यर्थियों के बीच मुकाबला होगा। इस पूरे चयन में लोको पॉयलट अभ्यर्थियों को कुल चार एवं तकनीशियन के अभ्यर्थियों को तीन चरणों से होकर गुजरना होगा। ऑनलाइन परीक्षा देने के लिए अभ्यर्थियों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए 26 जुलाई को वेबसाइट में मॉक लिंक भी उपलब्ध करा दिया जाएगा। ताकि अभ्यर्थी ऑनलाइन परीक्षा देने की प्रैक्टिस कर सकें।
असिस्टेंट लोको पॉयलट और तकनीशियन के विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को पहले और दूसरे चरण में कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) प्रक्रिया से गुजरना होगा। पहले सीबीटी की शुरूआत नौ अगस्त से शुरू हो रही है। यह परीक्षा माह भर चलेगी। इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों को ही दूसरे सीबीटी के लिए बुलाया जाएगा। असिस्टेंट लोको पॉयलट (एएलपी) के लिए दोनो सीबीटी पास करने वाले अभ्यर्थी तीसरे चरण में साइको टेस्ट के लिए बुलाए जाएंगे। इसके बाद ही उनके डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन का काम होगा, जबकि तकनीशियन के लिए दोनों सीबीटी पास करने वाले अभ्यर्थियों का ही डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा।
पहले सीबीटी में 60 मिनट में देने होंगे 75 सवालों के जवाब
एएलपी और तकनीशियन की नौ अगस्त से शुरू हो रही परीक्षा एक-एक घंटे की होगी। इस परीक्षा में कुल 75 सवाल पूछे जाएंगे। हर सवाल के चार जवाब रहेंगे। इस परीक्षा को उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थी ही अगले चरण की परीक्षा में शामिल हो पाएंगे। इस परीक्षा में गणित, रीजनिंग, सामान्य विज्ञान, सामान्य ज्ञान आदि से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। गलत जवाब देने पर एक तिहाई अंक काटे जाने का प्रावधान रेलवे ने किया है।
सफल परीक्षार्थियों की होगी ढाई घंटे की परीक्षा
एएलपी और तकनीशियन के पदों पर पहली सीबीटी परीक्षा क्वालीफाई करने वाले अभ्यर्थियों को ही दूसरी सीबीटी के लिए बुलाया जाएगा। यह परीक्षा ढाई घंटे की होगी। इस परीक्षा का पेपर दो पार्ट ए और बी में आएगा। पार्ट ए में 100 प्रश्न को हल करने के लिए एक घंटे का समय अभ्यर्थियों को मिलेगा। जबकि दूसरे पार्ट बी में 75 प्रश्नों को हल करने के लिए संबंधित अभ्यर्थियों को घंटे भर का समय दिया जाएगा। इसमें में निगेटिव मार्किंग होगी।
सिर्फ लोको पॉयलटों के लिए होगा साइको टेस्ट
पहला और दूसरा सीबीटी क्वालीफाई करने वाले एएलपी अभ्यर्थियों को साइको टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। यह भी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट होगा। इस प्रक्रिया में एएलपी के कुल रिक्त पदों के आठ गुना उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा। इस परीक्षा को पास करने वाले अभ्यर्थियों को ही डाक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा।
कमेंट
कमेंट X