फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

चलती दिल्ली: समय पर पहुंचने के लिए ढीली करें जेब

Fri, 26 Feb 2021 05:30 AM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली   
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली    Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Fri, 26 Feb 2021 05:30 AM IST
विज्ञापन
Delhi News : Public transport system of Delhi is very expensive and takes time
सड़क और फुटपाथ... सब एक है - फोटो : अमर उजाला

दिल्ली में मेट्रो भी है और बस भी। ई-रिक्शा से कैब तक की सेवाएं भी मौजूद हैं। सार्वजनिक परिवहन के तकरीबन सभी साधन यहां मौजूद हैं। सब अपनी-अपनी सहूलियत के हिसाब से इन पर सफर भी करते हैं। फिर भी, लोगों का एक ही दूरी तय करने में लगने वाले समय व किराए में जमीन-आसमान का फर्क है। अमर उजाला के संवाददाताओं ने दिल्ली की अलग-अलग दिशाओं से गोल मार्केट तक का सफर किया। रास्ते की सहूलियतों और परेशानियों को नजदीक से समझा। पेश है रिपोर्ट...



बुराड़ी टू गोल मार्केट: बस में मेट्रो से दोगुना समय
बुराड़ी के संत नगर से गोल मार्केट आने का नजदीकी मेट्रो स्टेशन जीबीटी नगर है। सुबह करीब 9.40 बजे थे। सबसे पहले ई-रिक्शा या फटफट सेवा लेने के लिए मुख्य सड़क पर आना पड़ा। ऑफिस पहुंचने की जल्दी में ठसाठस भरी फटफट सेवा पर बैठने के अलावा कोई विकल्प नहीं था। कोरोना काल में भी करीब 5.5 किमी लंबी दूरी दस सवारियों के साथ पूरी हुई। किराया 20 रुपये और समय करीब 20 मिनट लगा। हालांकि, मेट्रो स्टेशन से दूर किंग्सवे कैंप तक ही वाहन ले गया। यहां से मेट्रो स्टेशन का सफर दस मिनट में पूरा हुआ। इस लिहाज से मेट्रो स्टेशन में प्रवेश करने में 35 मिनट का समय जाया हुआ। जाम मिलने पर समय कई बाद एक घंटे तक लग जाता है।

जीटीबी मेट्रो स्टेशन से सीधी मेट्रो के राजीव चौक पहुंचने में 22 मिनट का समय लगा। यहां से आरके आश्रम जाने के लिए मेट्रो बदलनी पड़ी। करीब तीन मिनट में मेट्रो का सफर 27 रुपये में पूरा हुआ। यहां से उद्यान मार्ग पहुंचने में करीब पंद्रह मिनट का वक्त समय लगा। इसके लिए दस रुपये देकर गोल मार्केट तक की सवारी ई-रिक्शा से की गई। जबकि आगे करीब 700 मीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ी। 60 रुपये में बुराड़ी से उद्यान मार्ग करीब 1:30 घंटे में पूरा हुआ।

आवाजाही के दूसरे तरीके
बस का सफर बेशक 30 रुपये में पूरा होता है, लेकिन समय ढाई घंटे से ज्यादा लगा।
कैब का सफर करीब एक घंटे में 240 रुपये में पूरा होता है।
निजी सीएनजी कार से 25 रुपये में और पेट्रोल की कार 80 रुपये खर्च पर एक घंटे का समय लगता है।
 

द्वारका से खर्च कम लेकिन लगता है डेढ़ गुना वक्त

Delhi News : Public transport system of Delhi is very expensive and takes time
खतरों के खिलाड़ी... - फोटो : अमर उजाला

करीब सुबह 9.45 बज रहे थे। द्वारका सेक्टर-6 से बस स्टॉप तक आने में करीब दस मिनट का वक्त लगा। इसका किराया दस रुपये बैठता है।करीब 10 मिनट बाद रूट संख्या 803 की बस पहुंची तो चार यात्रियों को प्रवेश मिल सका। बस मधु विहार से शिवाजी स्टेडियम के बीच का सफर करवाती है। बस स्टाप से यह करीब करीब 10.05 में बस रवाना हुई।

सागरपुर, मायापुरी, नारायणा डिपो, शादीपुर, पटेल नगर, राजेन्द्र प्लेस, करोल बाग, झंडेवाला के बाद बस गोल मार्केट पर करीब 11.35 बजे पहुंची। इस बीच मायापुरी व शादीपुर मेट्रो स्टेशन के नजदीक जाम भी मिला। इससे निकलने में बस को करीब पंद्रह मिनट का वक्त लगा। जबकि पांच छोटे सिग्नल पर 10 मिनट से ज्यादा का समय जाया हुआ। गोल मार्केट पहुंचने में 11.35 बजे बस पहुंची। करीब 25 किलोमीटर का द्वारका से गोल माकेर्ट का सफर तय करने में करीब पौने दो घंटे का वक्त लगता है। पूरी दूरी  35 रुपये के खर्च पर पूरी हुई।

दूसरे माध्यम से होने वाले सफर
 मेट्रो का सफर करीब एक घंटे में 100 रुपये में पूरा होता है।
 कैब की सेवा लेने पर करीब 300 रुपये चुकाने पर पड़ते हैं।
 सीएनजी कार से 40 रुपये और पेट्रोल की कार से करीब 100 रुपये का खर्चा होता है।
 

लक्ष्मी नगर से गोल मार्केटः 10 किलोमीटर की दूरी में बस से लगा एक घंटा

Delhi News : Public transport system of Delhi is very expensive and takes time
लक्ष्मीनगर बाजार... - फोटो : Amar Ujala

सुबह करीब 10 बजे, लक्ष्मी नगर बस स्टॉप, करीब दस मिनट इंतजार के बाद आनंद विहार से सुलतानपुर टर्मिनल जाने वाली रूट नंबर 943 की दिखी। बस चली भी, लेकिन पीक आवर्स में सड़क पर वाहनों का दबाव बस की चाल पर भारी पड़ा। एक के बाद एक दो सिग्नल पार करने में ही पंद्रह मिनट का वक्त लग गया। आगे बस ने रफ्तार पकड़ी, लेकिन आईटीओ पुल क्रास करते ही दुबारा चाल पर ब्रेक लगा। रिग रोड फ्लाईओवर की लाल बत्ती से आईटीओ तक वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। करीब 700 मीटर के इस हिस्से का पार करने में बीस मिनट लगा। 

आईटीओ से आगे बढ़ने भाजपा दफ्तर तक कोई अवरोध नहीं मिला। पहला ब्रेक यहां के सिग्नल पर लगा। यहां से पार होने ही मिंटो रोड की लाल बत्ती पर दूर तक वाहन खड़ मिले। करीब पांच मिनट तक रेंगने के बाद बस कनॉट प्लेस सर्किल पर पहुंचे। वाहनों के दबाव से बस की चाल नहीं बढ़ सकी और रेंगते हुए वह बाबा खडग सिंह मार्ग पहुंची। कनॉट प्लेट की सर्किल की तीन लाल बत्तियों पर भी करीब दस मिनट का समय जाया हुआ। आगे गोल डाकखाना, गोल मार्केट होती हुई बस करीब 11 बजे उद्योग मार्ग रेड लाइट पर पहुंची। हालांकि, एक रूट की बस होने से पूरे सफर का किराया सिर्फ 15 रुपये लगा।

आवाजाही के दूसरे माध्यम:
मेट्रो का विकल्प लेने पर उद्योग मार्ग तक पहुंचने में 30 रुपये के किराए पर 20-25 मिनट का वक्त लगता है। 
कैब उद्योग मार्ग तक 150 रुपये में 45 मिनट पहुंचाती है।
सीएनजी कार का खर्च करीब 15 रुपये व पेट्रोल की कार से 45 रुपये का खर्च होता है। वहीं, समय करीब 45 मिनट लगता है।

 

विज्ञापन
विज्ञापन

पांचवां पुस्ताः हर वाहन की अपनी चाल

Delhi News : Public transport system of Delhi is very expensive and takes time
demo - फोटो : राजन राय
उत्तर-पूर्वी जिले के पांचवें पुश्ते से गोल मार्केट की दूरी करीब 17 किमी है। सुबह के करीब 10 बज रहे थे। दफ्तर पहुंचने की जल्दी में घर से करीब एक किलोमीटर दूरे पुश्ते तक पहुंचने में ई-रिक्शा लेना पड़ा। कालोनी की जाम गलियों के बीच गुजरते हुए 15 मिनट में पुश्ता पहुंचना हो सका, जिसका दस रुपये किराया लगा।

अब यहां से बस को पकड़ने की जद्दोजहद शुरू हुई। बस स्टैंड पर करीब 20 मिनट के इंतजार के बाद आईएसबीटी कश्मीरी गेट के लिए बस मिली। पुश्ता से करीब आठ किमी की दूरी 45 मिनट में पूरी हुई। इसका किराया भी दस रुपये लगा। बस छोड़ने के बाद अभी सफर का पहिया थम नहीं था। दस मिनट के इंतजार के बाद बस अड्डे से रुट नंबर 729 की बस पकड़ सफर का तीसरा पड़ाव बनी।

इस बस से नौ किमी दूर गोल डाकखाना पहुंचने में 50 मिनट का समय लगा। हालांकि, किराया इसका भी 10 रुपये था। गोल डाकखाना से उद्यान मार्ग तक पैदल पहुंचने में करीब पंद्रह मिनट का समय लगा। सफर पूरा करने में 1.30 घंटे से ज्यादा का समय लग गया।

आवाजाही के दूसरे माध्यम:
मेट्रो से सफर सफर करने पर 40 मिनट में 45 रुपये खर्च करने पड़ेंगे।
कैब से सफर का विकल्प लेने पर 50 मिनट में 200 रुपये में पहुंचा जा सकता है।
सीएनजी की निजी कार से 25 रुपये व पेट्रोल से 80 रुपये से ज्यादा खर्च होता है।





 
विज्ञापन

एक्सपर्ट ने कहा: पानी-बिजली की तरह परिवहन को भी मिले तवज्जो 

Delhi News : Public transport system of Delhi is very expensive and takes time
सायन रॉय - फोटो : अमर उजाला

पानी व बिजली की तर्ज पर अब परिवहन को भी प्राथमिकता में लाना है। नीतिगत बदलाव के साथ बजट भी बढ़ाना पड़ेगा। सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल तभी होगा, जब सुविधाएं बेहतर होंगी। समय का ध्यान रखा जाएगा। उपलब्धता बढ़ाने के साथ इसके लिए हाई आक्यूपेंसी व्हीकल लेन (बस, टैक्सी, ऑटो) बनाए जा सकते हैं। इसके साथ सिग्नल की प्राथमिकता पर भी ध्यान देना होगा। इससे सार्वजनिक वाहन ज्यादा देर तक सिग्नल पर नहीं रूकेंगे। फिलहाल हैदराबाद में प्रयोग के तौर पर इसे शुरू किया गया है।

मेट्रो से भी कम वक्त में अधिक दूरी तय की जा सकती है। अगर परिवहन क्षेत्र को बुनियादी सेवाओं के तौर पर लेते हुए बजट में बढ़ोतरी की जाए तो इससे परिवहन के तमाम विकल्पों को बेहतर किया जा सकेगा। टैक्सी में शेयरिंग और कार पूल को बढ़ावा देने से भी निजी वाहनों की संख्या कम होगी। लोगों को दफ्तर, संस्थान या किसी भी जरूरी काम के सिलसिले में आवागमन में परेशानियां कम होंगी और परिवहन के मद में खर्च भी कम होगा।

खर्च के हिसाब से बात करें तो बस से एक किलोमीटर की दूरी पर पांच रुपये में पूरी होती है। मेट्रो में 10 रुपये व बाइक से करीब दो रुपये प्रति किलोमीटर है। अलग अलग परिवहन विकल्पों के इस्तेमाल पर होने वाले खर्च में अंतर को कम करने पर सरकार को ध्यान देना है।
-जैसा परिवहन विशेषज्ञ सायन रॉय, सेंटर फॉर साइंस एंड इनवॉयरमेंट (सीएसई) ने बताया

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed