विश्व पर्यटन दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। उन्होंने राज्य में पर्यटन सुविधा एवं निवेश प्रकोष्ठ का निर्माण किए जाने की घोषणा की। साथ ही इसी साल नवंबर में रामनगर में साहसिक कार्य पर निवेश सम्मेलन करने, पंडित नैन सिंह सर्वेयर पर्वतारोहण प्रशिक्षण संस्थान पर्यटन विभाग को सौंपे जाने और ईकोटूरिज्म विंग का गठन किए जाने की घोषणा की।
सॉलिटेयर फॉर्म मालसी में फिक्की फ्लो: एम्पॉवरिंग द ग्रेटर 50 फीसदी की ओर से उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड के सहयोग से आयोजित दो दिवसीय ‘उत्तराखंड एडवेंचर फेस्ट’ में सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पहुंचकर राज्य में पर्यटन के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य पर्यटन पर ही टिका है। इसलिए हमें इस क्षेत्र में काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पर्यटन परियोजनाओं के विशेषज्ञों के साथ मिलकर एक पर्यटन सुविधा एवं निवेश प्रकोष्ठ का निर्माण किया जाएगा।
उत्तराखंड एडवेंचर फेस्ट: आकर्षण का केंद्र बने रोमांच से भरपूर पर्यटन गतिविधियों के स्टॉल, तस्वीरें...
पर्यटन उद्योगों से संबंधी सभी प्रस्तावों पर विशेष रूप से उद्योग विभाग की जगह पर्यटन विभाग द्वारा ही कार्यवाही की जाएगी। शहरी विकास विभाग और आवास विभाग विशेष रूप से उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों के लिए बहुस्तरीय कार-लिफ्ट स्थान स्थापित करने के लिए परियोजना शुरू की जाएगी। इसी साल नवंबर में कुमाऊं के रामनगर में साहसिक कार्य पर निवेश सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के पर्यटन उद्योग को एक स्थायी, पर्यावरण के अनुकूल उद्योग के रूप में विकसित करने के मार्ग तलाशने के लिए पर्यटन मंत्रालय के तहत एक समर्पित ईको टूरिज्म विंग का गठन किया जाएगा। ईकोटूरिज्म विंग का उद्देश्य दीर्घकालिक विचारों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक सहभागिता व सामाजिक नेतृत्व की भागीदारी के साथ ईकोटूरिज्म का विकास सुनिश्चित करना होगा।
2 of 5
उत्तराखंड एडवेंचर फेस्ट में पहुंचे सीएम
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री ने पर्यटन पर आधारित लगी प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में सचिव पर्यटन दिलीप जावलकर ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस की इस वर्ष की थीम ‘समावेशी विकास के लिए पर्यटन’ है। पिछले दो साल में कोरोना के कारण विश्वभर में पर्यटन से जुड़े लोगों के कार्य प्रभावित हुए हैं। राज्य में पर्यटन के साथ ही साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस अवसर पर फिक्की के टूरिज्म विंग की राज्य संयोजक डॉ. नेहा शर्मा, किरन टोडरिया एवं पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
3 of 5
उत्तराखंड एडवेंचर फेस्ट में पहुंचे सीएम
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चल रहीं विभिन्न विकास योजनाओं से उत्तराखंड को पर्यटन के क्षेत्र में बढ़ावा मिलेगा। ऑल वेदर रोड, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन जैसे निर्माण कार्य आज उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे हैं। राज्य में सड़क, रेल एवं हवाई कनेक्टिविटी तेजी से बढ़ी है। विभिन्न क्षेत्रों में नई पॉलिसी लाई जा रही है एवं उनका सरलीकरण किया जा रहा है।
4 of 5
उत्तराखंड एडवेंचर फेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को आने वाले 10 वर्षों में पर्यटन के क्षेत्र में नंबर वन राज्य बनाने का प्रयास किया जाएगा। पर्यटन एवं ऊर्जा के क्षेत्र में राज्य में अनेक संभावनाएं हैं। इस दौरान उन्होंने चारधाम यात्रा शुरू होने पर कहा कि यात्रियों को दिक्कत होने की शिकायतें भी मिल रही हैं, लेकिन हम उनका समाधान करने का पूरा प्रयास कर रहे हैं।
5 of 5
उत्तराखंड एडवेंचर फेस्ट
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड एडवेंचर फेस्ट में पहुंचे पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य में विंटर टूरिज्म को बढ़ावा देने पर कार्य किया जा रहा है। कहा कि हमारा मूल मंत्र है कि हम सर्विस प्रोवाइडर बनें। पर्यटकों को जितनी अधिक सुविधाएं मिलेंगी और पर्यटन आधारित गतिविधियां उतनी अधिक बढ़ेंगी। हवाई, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी में तेजी से सुधार हो रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि राज्य में कनेक्टिविटी को बढ़ाकर पर्यटन एवं तीर्थाटन को बढ़ावा दिया जाए। हम पर्यटन के साथ ही प्रदूषण रहित पर्यटन पर भी ध्यान दे रहे हैं। उद्योग मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि राज्य में कई नए टूरिस्ट डेस्टिनेशन विकसित हो रहे हैं। जहां हमें और बेहतर काम करने के प्रयास करने हैं।