अनुष्का शर्मा की फिल्म NH 10 में उत्तराखंड की इस बेटी ने दमदार किरदार निभाया था। अब एक नई फिल्म में मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म की कहानी भारत और पाकिस्तान की सीमा और कश्मीर संघर्ष पर आधारित है।
उत्तराखंड की बेटी तान्या पुरोहित जल्द ही केएनसी मीडिया हाउस बैनर के तले आने वाली हिंदी फिल्म 'बियांड बाउंडरीज' में नजर आएंगी। यह फिल्म मशहूर मराठी फिल्म निर्देशक कमल नथानी द्वारा निर्देशित की गई है।
यह फिल्म भारत और पाकिस्तान की सीमा और कश्मीर संघर्ष पर आधारित है। तान्या ने फिल्म में मुख्य नायिका का किरदार निभाया है, जहां उन्हें सेना के एक अधिकारी की बेटी के रुप में दिखाया गया है, जो पूरी कहानी को फ्लैश बैक में बताती है।
एक डिजिटल चैनल से बातचीत में तान्या ने बताया कि पिछले अक्टूबर माह में उन्होंने 4 से 5 दिन दिल्ली में शूटिंग की थी। यह सातों दिन और 24 घंटों की शूटिंग थी और यह किरदार निभाना मेरे लिए बहुत ही भावुक था, क्योंकि मैं सेना के एक अधिकारी की बेटी का रोल निभा रही हूं, जिनकी डायरी मुझे मिलती है। निर्देशक ने मुझे दृश्यों को बहुत ही खूबसूरती से समझाया और पूरी टीम ने यह सुनिश्चित किया कि मैं इस कैरेक्टर को ठीक ढंग से निभा पाउं। मेरे लिए यह अनुभव हमेशा यादगार रहेगा।
वह आगे कहती हैं कि मुझे यह फिल्म संयोग से मिली। मेरे एक मित्र का मुझे कॉल आया और इस फिल्म के बारे में बताया। उसने मुझे एक छोटी ऑडिशन क्लिप भेजने के लिए कहा था। जिसमें मुझे एक तस्वीर से बात करनी थी। मैं अपने ऑफिस में यह क्लिप बनाकर भेज दी। कुछ ही मिनटों में मुझे अपने निर्देशक का फोन आया जिन्होंने कहा कि उन्हें ऑडिशन बहुत पसंद आया और वे मिलना चाहते हैं।