देहरादून के बालावाला में रेत बजरी व्यवसायी आदेश बालियान की हत्या का शक परिवार ने जिस पर जताया था, उसके बारे में दो चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी सचिन पर बागपत में गुमशुदगी दर्ज है।
इतना ही नहीं, आदेश की हत्या के बाद बागपत में रहने वाला सचिन का परिवार भूमिगत हो गया है। सूत्रों के अनुसार पुलिस ने उसके घर पर भी छापेमारी की थी, मगर वहां ताला लटका मिला। सचिन की पत्नी समेत परिवार के सभी छह सदस्य भूमिगत हो गए हैं। लिहाजा पुलिस ने उनकी तलाश भी शुरू कर दी।
सचिन का जो मोबाइल नंबर पुलिस के पास है, वह फिलहाल बंद है। बताया जा रहा है कि यह नंबर वह आठ महीने पहले इस्तेमाल करता था। इसके बाद उसका कोई नंबर किसी परिचित के पास नहीं है। इस तरह पुलिस सर्विलांस के माध्यम से भी आगे नहीं बढ़ पा रही है। वहीं एसएसपी निवेदिता कुकरेती का कहना है कि, पुलिस की कई टीमें विभिन्न जनपदों में भेजी गई हैं। फिलहाल जो नाम बार-बार लिया जा रहा है उसी के इर्द गिर्द जांच चल रही है। इसी को लीड माना जा सकता है। पुलिस जल्द ही इसका खुलासा करेगी।
यह बात सामने आने के बाद परिजनों के आरोपों को और अधिक बल मिल रहा है। माना जा रहा है कि सचिन की यह गुमशुदगी आदेश की हत्या के साजिश का ही हिस्सा है। लिहाजा पुलिस की कई टीमें सचिन की तलाश में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जनपदों की खाक छान रही हैं। इधर, पुलिस ने बुधवार को घटनास्थल पर मौजूद रहे लोगों समेत कुल 12 लोगों के बयान दर्ज किए।
मंगलवार को बालावाला स्थित हनुमान मंदिर के पास आईटी पार्क निवासी आदेश बालियान की तीन नकाबपोश बदमाशों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। आदेश को ऑटोमेटिक पिस्टल और तमंचे से कुल सात गोली मारी गईं थीं। शुरूआती जांच और घटना के तरीके को देखते हुए बदमाश प्रोफेशनल शूटर बताए जा रहे हैं। पूछताछ में आदेश के परिजनों ने पुलिस को सचिन नाम के एक रिश्तेदार का नाम बताया था। बताया जा रहा है कि आदेश ने सचिन को 1.70 लाख रुपये दिए थे, जो उसने वापस नहीं किए।