ऋषिकेश-बदरीनाथ पर रैंतोली में हुआ टेंपो-ट्रेवलर हादसा मई 2005 में नगरासू में बरात बस दुर्घटना के मंजर जैसा था। अलकनंदा नदी का किनारा घायलों की चीख-पुकार से गूंज रहा था। शरीर से निकल रही खून की धार असहनीय दर्द को बयां कर रही थी। वाहन चालक की एक नींद की झपकी ने स्वयं के साथ अन्य 13 लोगों की जिंदगी को लील लिया।
15 जिंदगियां हुईं खत्म: नगरासू घटना की याद दिला गया टेंपो-ट्रैवलर हादसा, चीखों से गूंजता रहा अलकनंदा का किनारा
हंसी, खुशी का सफर नींद की झपकी से चीख-पुकार में बदल गया। हादसे में घायल हुई वंदना और नमिता ने बताया कि घूमने के लिए जा रहे थे, वाहन नदी में गिरा उसके बाद कुछ पता नहीं क्या हुआ। स्थानीय निवासी सुनीत चौधरी व बद्री नौटियाल बताते हैं कि इस दर्दनाक हादसे ने मई 2005 में नगरासू में स्वीत गांव की बारात की बस दुर्घटना के मंजर की याद दिला दी। तब, जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग से 17 किमी दूर नगरासू के समीप बारातियों से भरी बस पलभर में अलकनंदा नदी किनारे गिर गई थी।
सड़क से चट्टान में गिरते ही बस की छत उखड़ गई थी, जिससे कई बाराती छिटक कर चट्टान के पत्थर पर टकराकर अकाल मौत का ग्रास बन गए थे। उस हादसे ने स्वीत गांव के सामाजिक ढर्रे को ही बदलकर रख दिया था। हादसे में 38 बरातियों की मौत हेा गई थी।
डेढ़ दशक पहले हुआ था हादसा, आठ की हुई मौत
रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रैंतोली में जिस जगह पर टेंपो-ट्रेवलर अनियंत्रित होकर नदी में गिरा, उसी जगह पर डेढ़ दशक पूर्व एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस हादसे में आठ शिक्षक-शिक्षिकाओं की मौत हो गई थी। पत्रकार बद्री नौटियाल बताते हैं कि उस समय भी भी वह रेस्क्यू के दौरान मौके पर गए थे, तब वाहन में सवार किसी का पता नहीं चल सका था। शनिवार को हुआ हादसा भी उसी जगह पर हुआ है।
चट्टान गिरने से छह यात्रियों की हुई मौत
रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर तलसारी के समीप पहाड़ी से टूटी चट्टान की चपेट में एक यात्री वाहन आ गया था, इस हादसे में 6 यात्रियों की मौत हो गई थी। इससे पूर्व 2019 में हाईवे पर फाटा के समीप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से 8 लोगों की मौत हो गई थी। इससे पूर्व 2017 दिसंबर में गौरीकुंड हाईवे पर बांसवाड़ा के समीप ऑलवेदर रोड परियोजना के कार्य के दौरान पहाड़ी से गिरे मलबे से आठ मजदूरों की मौत हो गई थी।