'तेरे दर्द से दिल आबाद रहा, कुछ भूल गए कुछ याद रहा'। महानायक ऋषि कपूर पर फिल्माया हुआ यह गीत याद कर अल्मोड़ा के बिंता निवासी धीरज कुमार सानू दुखी हैं। फरवरी में ऋषि कपूर के उचार के दौरान मुलाकात में धीरज ने उन्हें यह गीत सुनाया। जो गीत बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ।
2 of 5
वीडियो बिंता देवलधार निवासी धीरज कुमार सानू का है
ऋषि कपूर की मृत्यु के बाद से पूरे देश में शोक की लहर है। मृत्यु के बाद से ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा ये वीडियो बिंता देवलधार निवासी धीरज कुमार सानू का है। दिल्ली के मैक्स अस्पताल में कार्यरत धीरज इस वीडियो में दिवंगत कपूर को 'दीवाना' फिल्म का गीत 'तेरे दर्द से दिल आबाद रहा कुछ भूल गए कुछ याद रहा' सुना रहे हैं।
अमर उजाला से खास बातचीत में धीरज ने बताया कि फरवरी में ऋषि कपूर का बोन मैरो का मैक्स अस्पताल में उपचार चल रहा था। धीरज ने ऋषि कपूर से मुलाकात कर बताया कि वह उनके और कुमार सानू के बहुत बड़े फैन है, कुमार सानू के नाम पर ही उन्होंने अपने नाम में भी सानू लगाया हुआ है।
इस दौरान धीरज के द्वारा सुनाए गए गीत की स्वर्गीय कपूर ने प्रशंसा की। वीडियो में ही ऋषि ने धीरज को कहा कि ये शोहरत और ये नाम मेहनत से आता है, किस्मत साथ देगी तो तुम एक दिन बहुत तरक्की करोगे। मेरा आशीर्वाद तुम्हारे साथ है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो को देख धीरज काफी आहत हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब यह वीडियो बनाई थी, तब उनकी खुशी का कोई ठिकाना न था। लेकिन आज ऋषि कपूर के देहांत के बाद सोशल मीडिया पर यह अफवाह फलाई जा रही है कि यह वीडियो मृत्यु से एक दिन पहले का है। जबकि यह वीडियो दो फरवरी का है। उन्होंने लोगों से कहा कि किसी भी अफवाह की पहले पुष्टि की जानी जरूरी है।