पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ में एएसआई मोहनलाल रतूड़ी का पार्थिव शव शनिवार की सुबह देहरादून उनके आवास पहुंच गया। जिसके बाद हरिद्वार के खड़खड़ी घाट पर शहीद का अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान उनके घर में अंतिम दर्शन को जनसैलाब उमड़ पड़ा। शहीद का पार्थिव शरीर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। इस दौरान उनकी बहादुर बेटी ने अपने पिता को सैल्यूट किया और एकटक देखती रही। जब तक अंंतिम यात्रा के लिए मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने पार्थिव शरीर को कंधा दिया। उसके बाद बेटी बेहोश हो गई। जिसे देख मौके पर मौजूद लोग अपने आंसू नहीं रोक पाए। पिता को बेटी का सैल्यूट करने की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
बच्चे और शहीद की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। शहीद का पार्थिव शरीर आवास के पास एक पार्क में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, डीजीपी अनिल रतूड़ी, डीजी अशोक कुमार, विधायक विनोद चमोली, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी शहीद के घर पहुंचे। इन्होंने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीद के अंतिम दर्शन के लिए भारी संख्या में लोग उमड़ पड़े। इस दौरान हर किसी की आंख में आंसू के साथ गुस्सा और दिल में दर्द दिखा।
इस दौरान लोगों ने पाकिस्तान और आतंकवाद के खिलाफ जमकर नारे लगाए। सूरज चांद रहेगा, मोहन तेरा नाम रहेगा, ये नारा भी गूंजता रहा। इसके बाद मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर अंतिम यात्रा के लिए रवाना किया।