वर्ष 2013 की आपदा के बाद इस वर्ष बद्रीनाथ धाम में रिकार्ड तीर्थयात्री उमड़े। इस बर्ष बदरीनाथ धाम में अक्तूबर माह तक 10 लाख 13 हजार 303 तीर्थयात्रियों ने भगवान बदरीनाथ के दर्शन किए, जबकि धाम के कपाट बंद होने में अभी 19 दिन बाकी हैं।
बद्रीनाथ धाम में दुश्वारियों पर भारी रही आस्था, आपदा के बाद तीर्थयात्रियों ने तोड़ा 6 साल का रिकॉर्ड
बदरीनाथ हाईवे इस वर्ष भी तीर्थयात्रियों के लिए मुसीबत का सबब बना रहा। लामबगड़ में बार-बार हाईवे बंद होता रहा इसके बाद भी तीर्थयात्री पैदल ही धाम में मत्था टेकने पहुंचे। आपदा से पहले वर्ष 2012 में 10 लाख 42 हजार 215 तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम पहुंचे थे। वर्ष 2013 की आपदा के बाद यात्रा थम गई थी। इस वर्ष जून से सितंबर माह तक रुक-रुककर हुई बारिश से हाईवे बंद होता रहा, लेकिन आपदा की दुश्वारियों पर तीर्थयात्रियों की आस्था भारी पड़ी।
15 सितंबर के बाद जब मौसम सामान्य हुआ तो फिर तीर्थयात्रा ने रफ्तार पकड़ी। डीएम स्वाति एस भदौरिया ने कहा कि बदरीनाथ धाम में बढ़त तीर्थयात्रियों की संख्या चारधाम यात्रा के लिए शुभ संकेत है। प्रशासन की ओर से धाम में यात्रियों के लिए सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। आगामी वर्ष इससे भी अधिक तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के बदरीनाथ धाम में पहुंचने की उम्मीद है।
कब कितने यात्री पहुंचे
वर्ष तीर्थयात्री
2012 10 लाख 42 हजार 215
2013 4 लाख 91 हजार 999
2014 1 लाख 80 हजार
2015 3 लाख 59 हजार 146
2016 6 लाख 20 हजार
2017 8 लाख 84 हजार 788
2018 10 लाख 13 हजार 303 (30 अक्तूबर तक)