शनिवार को अचानक मौसम के करवट लेने से चारों धामों में बर्फबारी हो गई, जिससे ठंड बढ़ गई है।
केदारनाथ में 12 घंटे से अधिक समय से लगातार बर्फबारी हो रही है, जिससे धाम में 1.5 फीट बर्फ जम गई है। दिनभर तापमान माइनस में होने से कड़ाके की ठंड हो रही है।
द्वितीय केदार मद्महेश्वर व तृतीय केदार तुंगनाथ सहित चोपता, बनियाकुंड और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी बर्फबारी हुई है। उधर, बदरीनाथ धाम समेत हेमकुंड साहिब, रुद्रनाथ, गौरसों बुग्याल, औली, नंदा घुंघटी सहित ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। वहीं गंगोत्री व यमुनोत्री धाम सहित जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई।
शनिवार तड़के चार बजे से शुरू हुई बर्फबारी देर शाम तक जारी रही। बायोमैट्रिक से रुद्रा प्वाइंट सहित भैरवनाथ मंदिर और दूध गंगा की पहाड़ियों पर एक फीट से अधिक बर्फ की चादर बिछ चुकी है।
पुलिस चौकी प्रभारी बिपिन चंद्र पाठक और निम के मनोज सेमवाल ने बताया कि धाम में दोपहर बाद पारा माइनस छह डिग्री तक गिर गया था। ठंड होने से शनिवार को 50 तीर्थयात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए। इधर, जिला मुख्यालय रुद्रप्रयाग सहित गौरीकुंड, सोनप्रयाग, गुप्तकाशी, अगस्यमुनि, रुद्रप्रयाग में रुक-रुककर हो रही बारिश से ठंड बढ़ गई है।