एनसीईआरटी की किताबों को लेकर यहां इस तरह की बात सामने आई कि अधिकारियों ने जब अपनी आंखो से देखा तो होश उड़ गए। देखिए...
NCERT की किताबों को लेकर यहां चल रह था ऐसा 'खेल', छापा मारा तो अधिकारियों के उड़ गए होश
शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय के आदेश पर प्रशासन और शिक्षा विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुस्तक विक्रेता की दुकान पर औचक छापा मारा। इस दौरान भारी मात्रा में एनसीईआरटी की नकली पुस्तकें पकड़ी। टीम ने करीब 500 पुस्तकों को अपने कब्जे में ले लिया। इसके अलावा पुस्तक विक्रेता की 11 दुकानों और चार मंजिला गोदाम में सील लगा दी गई। कार्रवाई को लेकर शहर में पुस्तक विक्रेताओं में अफरातफरी का माहौल रहा। आरोपी पुस्तक विक्रेता के खिलाफ धोखाधड़ी और कॉपी राइट के उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की तैयार कर रही है।
शुक्रवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नरेंद्र भंडारी और अन्य शिक्षा विभाग के अधिकारी ग्राहक बनकर नेहरू स्टेडियम स्थित आर्य पुस्तक भंडार पहुंचे और विक्रेता से एनसीईआरटी की 50 पुस्तकें मांगी। कार्रवाई का आभास होने पर पुस्तक विक्रेता ने इतनी बड़ी मात्रा में पुस्तकें देने से पहले पहचान पत्र दिखाने को कहा। टीम के लोगों ने अपने अपना परिचय देते हुए तलाशी शुरू की तो दुकान से काफी मात्रा में एनसीईआरटी की नकली पुस्तकें मिली।
अधिकारी अपने साथ लाए असली एनसीईआरटी की पुस्तकों से नकली पुस्तकों का मिलान करने लगे तो दोनों किताबों में काफी अंतर आया। नकली पुस्तकों पर एनसीईआरटी का लोगो तक नहीं था। पुस्तक की प्रिंट आदि की गुणवत्ता भी बेहद घटिया किस्म की थी। इस पर टीम के लोगों ने मौके पर बरामद हुई नकली एनसीईआरटी की किताबों को कब्जे में लेकर दुकानों को सील कर दिया। इसके साथ ही टीम ने आस में ही दुकान के गोदाम पर भी घंटों कार्रवाई की, लेकिन यहां पर प्रथम दृष्टता किताबों में नकली एनसीईआरटी की पुस्तकें नहीं मिली।
प्रशासन की टीम ने इस चार मंजिला गोदाम को भी सील कर दिया। प्रशासन की टीम करीब ढाई घटें से भी अधिक समय तक कार्रवाई करती रही। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नरेंद्र भंडारी ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आरोपी दुकान संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी और कॉपी राइट के उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। कार्रवाई के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट नरेंद्र भंडारी के साथ नायाब तहसीलदार प्रीतम सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक ब्रह्मपाल सिंह सैनी, खंड शिक्षा अधिकारी श्रीकांत पुरोहित, उपशिक्षा अधिकारी नारसन ब्रजपाल सिंह राठौर आदि मौजूद रहे।