भगवान आशुतोष के द्वादश ज्योतिर्लिंग में एक केदारनाथ की यात्रा को एक महीना हो गया है। कपाट खुलने वाले दिन से ही यात्रा नए आयाम स्थापित करते आ रही है। बीते एक महीने में धाम में 7,66,818 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो यात्रा के इतिहास में नया रिकार्ड है।
Kedarnath Dham: यात्रा में बने कई कीर्तिमान...एक माह में रिकाॅर्ड 7.66 लाख श्रद्धालुओं ने किए बाबा के दर्शन
बाल भोग का समय बदला
कोरोनाकाल के बाद इस वर्ष केदारनाथ में भगवान केदारनाथ के बाल भोग का समय बदला गया। बाबा केदार को दोपहर 12 बजे बाल भोग लगाया जा रहा है। जबकि दोपहर बाद एक बजे से बाबा केदार के शृंगार दर्शन हो रहे हैं, जिसमें श्रद्धालुओं को सभामंडप से दर्शन कराए जा रहे हैं। ऐसे में जहां श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को भीड़ प्रबंधन में मदद मिल रही है। वहीं, ज्यादा से ज्यादा श्रद्धालु भी धाम पहुंचकर दर्शन कर रहे हैं।
वीआईपी दर्शन पर रही रोक
केदारनाथ यात्रा में यह पहला मौका है, जब कपाट खुलने के बाद से एक माह में किसी भी प्रकार के वीआईपी, वीवीआईपी दर्शन नहीं हो रहे हैं। शासन से लगी रोक के कारण आम श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार के बाद भी अच्छे से दर्शन हो रहे हैं।
हेलिकाॅप्टर की हुई इमरजेंसी लैंडिंग
केदारनाथ धाम में 24 मई को शेरसी से यात्रियों को लेकर आए क्रिस्टल कंपनी के हेलिकाॅप्टर को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी थी। पायलट ने धैर्य से अनियंत्रित हेलिकॉप्टर को नियंत्रित कर स्वयं के साथ छह यात्रियों की जान बचाई।
कारोबार को लग रहे पंख
केदारनाथ यात्रा में घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी और हेलिकॉप्टर कारोबार को पंख लग रहे हैं। घोड़ा-खच्चर और दंडी-कंडी से अभी तक 70 करोड़ से अधिक का करोबार हो चुका है। जबकि हेलिकॉप्टर से लगभग 45 करोड़ का कारोबार हो चुका है। पैदल मार्ग पर संचालित दुकानों से भी संचालकों को अच्छी आय हो रही है।
पहली बार एक महीने में गंगोत्री-यमुनोत्री धाम पहुंचे रिकॉर्ड 7 लाख से अधिक श्रद्धालु
गंगोत्री-यमुनोत्री धाम की यात्रा को एक माह पूरा हो चुका है। दोनों धामों में इस एक महीने में 7.26 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। यह यात्रा के इतिहास में दोनों धामों में अब तक आए श्रद्धालुओं की सर्वाधिक संख्या है। हालांकि शुरुआत में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के धामों में पहुंचने के कारण यात्रा व्यवस्थाएं पटरी से उतर गई थीं, लेकिन बाद में शासन-प्रशासन के प्रयासों से यात्रा व्यवस्था फिर पटरी पार लौट आई।इस साल गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट 10 मई को खोले गए थे। पहले दिन जहां यमुनोत्री धाम में 12 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे। वहीं गंगोत्री धाम में यह आंकड़ा 2500 श्रद्धालु रहा था। तब से लेकर अब तक दोनों धामों में हर दिन रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। 19 मई को यमुनोत्री धाम में 14,135 श्रद्धालु पहुंचे थे। वहीं गंगोत्री में 11,067 यात्रियों ने दर्शन किए। यह दोनों धामों की यात्रा के इतिहास में एक दिन में पहुंचे सर्वाधिक श्रद्धालुओं का आंकड़ा है।