रामपुर में रोडवेज की बस की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। मृतक पूर्व फौजी था। घटना के बाद चालक फरार हो गया जबकि परिचालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
गुस्साए लोग मृतक के परिजनों को तुरंत पर्याप्त मुआवजा देने की मांग को लेकर शव न उठाने देने पर अड़े रहे। बाद में विधायक, एसडीएम और रोडवेज के प्रतिनिधि की मौजूदगी में हुई वार्ता में मुआवजा राशि का समाधान होने पर ही शव उठाया जा सका। तब तक करीब चार घंटे जाम लगा रहा।
चौखुटिया से करीब पांच किलोमीटर दूर रामपुर कस्बे में परिवहन निगम की बस संख्या यूके 07 पी-ए1915 की चपेट में आने से रामपुर निवासी पूर्व फौजी श्यामसिंह राई (75) की मौके पर ही मौत हो गई। बस का पिछला टायर उनके सिर पर चढ़ गया जिससे सिर बुरी तरह से कुचल गया।
बस कर्णप्रयाग से चौखुटिया आ रही थी। बताया गया कि वे बस से चौखुटिया जाने के लिए उसमें सवार होना चाह रहे थे इसी दौरान बस चल दी और वह उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद चालक चंदन लाल बस को घटना स्थल से कुछ आगे ले जाने के बाद फरार हो गया जबकि परिचालक राजेश कुमार को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना से गुस्साए लोगों ने प्रभावित परिवार को तुरंत मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क पर पड़े शव को नहीं उठाने दिया। सूचना पर पहुंचे विधायक महेश नेगी और एसडीएम फिंचाराम चौहान ने घटना की जानकारी लेने के बाद परिवहन निगम के अधिकारियों से संपर्क किया। परिवहन निगम की ओर से एआरएम के प्रतिनिधि के रूप में उमेश उपाध्याय पहुंचे।